द लोकतंत्र/ दिल्ली : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ जबरदस्त कार्रवाई की है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी और जांच में पाकिस्तानी कनेक्शन सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। भारत द्वारा लिए गए फैसलों से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है और वहां के नेताओं के बयानों में घबराहट साफ नजर आ रही है।
पाकिस्तान, भारत पर परमाणु बम गिरा सकता है
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के पूर्व मुख्यमंत्री नजम सेठी ने एक बयान में परमाणु बम की धमकी दी है। सेठी ने कहा कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध लंबा खिंचता है तो पाकिस्तान टिक नहीं पाएगा, ऐसे में वह परमाणु हमला कर सकता है। उन्होंने दावा किया कि भारत इस बात से डरा हुआ है कि कहीं पाकिस्तान कुछ अनहोनी ना कर दे।
इससे पहले पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने भी भड़काऊ बयान दिया था और कहा था कि अगर भारत ने पाकिस्तान का पानी रोका तो युद्ध तय है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान के पास 130 परमाणु हथियार हैं और ये सभी भारत के खिलाफ इस्तेमाल के लिए रखे गए हैं। पाकिस्तान के रेल मंत्री हनीफ अब्बासी ने अपने बयान में कहा कि उनकी सभी मिसाइलों का निशाना भारत पर है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर भारत ने कोई भी दुस्साहस किया, तो उसे इसका भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तानी एयरस्पेस बंद भारत को असुविधा, पाकिस्तान को उठाना पड़ेगा भारी आर्थिक नुकसान
अब्बासी ने दावा किया कि पाकिस्तान के पास दुनिया का सबसे ताकतवर परमाणु बम है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने कूटनीतिक कोशिशों के साथ अपनी सीमाओं की सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम कर रखे हैं। पहलगाम हमला तो बस एक बहाना है, असली मुद्दा सिंधु जल संधि है।
बता दें, भारत सरकार ने इन घटनाओं के बाद पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं। सिंधु जल संधि को समाप्त करने का निर्णय लिया गया है, सभी पाकिस्तानी अधिकारियों को देश छोड़ने का आदेश दिया गया है और भारत में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। भारत के इस रुख से पाकिस्तान की बौखलाहट और बढ़ गई है, जिसके चलते उसके नेता अब असंतुलित बयानबाजी कर रहे हैं।