द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार (7 सितंबर, 2025) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में आयोजित प्रेस मीटिंग के दौरान कहा कि अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए 50 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ ने देश की अर्थव्यवस्था को झटका दिया है और इस हालात के लिए जिम्मेदार पीएम मोदी हैं। खरगे ने यहां तक कह दिया कि मोदी ट्रंप के दोस्त हो सकते हैं, लेकिन देश के दुश्मन बन गए हैं।
मोदी-ट्रंप की दोस्ती पर उठाए सवाल
खरगे ने कहा कि पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप का गठबंधन भारत की कीमत पर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के लिए वोट मांगे, लेकिन इसका असर भारतीय नागरिकों पर पड़ा। खरगे ने कहा, मोदी और ट्रंप दोस्त हो सकते हैं, लेकिन उनकी दोस्ती ने भारत का माहौल खराब कर दिया है। देश के लोग महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी से जूझ रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अमेरिका की ओर से थोपे गए 50 प्रतिशत ट्रम्प टैरिफ ने भारत की अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाला है। खरगे ने कहा कि इस टैरिफ के कारण भारतीय किसानों और छोटे कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने पीएम मोदी को आगाह करते हुए कहा कि उन्हें अपनी विदेश नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए और गुटनिरपेक्षता की नीति को आगे बढ़ाना चाहिए, क्योंकि राष्ट्र सबसे पहले आता है, दोस्ती उसके बाद।
जीएसटी सुधारों पर भी साधा निशाना
खरगे ने हाल ही में किए गए जीएसटी सुधारों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों को लाभ देने वाले किसी भी कदम का स्वागत करती है, लेकिन भाजपा सरकार ने सालों तक जनता को परेशान किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने पहले ही सुझाव दिया था कि दो स्लैब में जीएसटी रखने से गरीबों को फायदा होगा, लेकिन भाजपा ने चार-पांच स्लैब लागू कर लोगों को लूटा। अब चुनाव करीब आते देख सरकार ने बदलाव किया है।
खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर चीन के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी ने दावा किया था कि चीन ने भारतीय क्षेत्र में प्रवेश नहीं किया, लेकिन अब खुद चीन जाकर झुकने लगे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष राष्ट्रीय हितों पर हमेशा एकजुट रहेगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि मोदी सरकार मनमानी करे।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि अगर भारत ने अपनी पारंपरिक गुटनिरपेक्ष विदेश नीति जारी रखी होती, तो आज देश को ऐसे हालात का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी ने ट्रंप को अपना दोस्त बताकर भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया है।
खरगे ने इस दौरान बिहार चुनाव को लेकर भी कांग्रेस की रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, महिलाओं पर अत्याचार, दलितों और पिछड़ों को छात्रवृत्ति की कमी, किसानों को खाद की समस्या और वोट चोरी का मुद्दा कांग्रेस का मुख्य एजेंडा होगा।