द लोकतंत्र/ पटना : Bihar Election 2025 को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार और उनकी टीम का आज बिहार दौरे का आख़िरी दिन है। दो दिनों से चल रही लगातार बैठकों और समीक्षा के बाद आज दोपहर 2 बजे पटना में प्रेस कॉन्फ़्रेंस आयोजित की जाएगी।
इस प्रेस कॉन्फ़्रेंस में आयोग राज्य में चुनावी तैयारियों का विस्तृत ब्योरा साझा करेगा और अब तक हुई बैठकों का निष्कर्ष बताएगा। हालांकि सूत्रों के मुताबिक, आज चुनाव की तारीखों की घोषणा की संभावना बेहद कम है, लेकिन आयोग की यह प्रेस कॉन्फ़्रेंस आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करने में अहम मानी जा रही है।
सुबह से चली अहम बैठकें
सुबह से ही मुख्य चुनाव आयुक्त ने कई महत्वपूर्ण बैठकें की हैं। सुबह 9:30 से 11 बजे तक चुनाव आयोग की टीम ने इन्फोर्समेंट एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की, इसके बाद 11:30 से दोपहर 12 बजे तक बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO), SPNO और CAPF के नोडल अधिकारियों के साथ चर्चा हुई।
दोपहर 12 से 1 बजे तक मुख्य सचिव, DGP और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राज्य की चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई। इन बैठकों में सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सूची और लॉ एंड ऑर्डर से जुड़े मुद्दों पर विशेष जोर दिया गया।
राजनीतिक दलों से ली गई राय
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने दौरे के दौरान राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों से भी मुलाकात की। राजद, जदयू, भाजपा, कांग्रेस, लोजपा (रामविलास), भाकपा (माले), बसपा और आम आदमी पार्टी सहित कई दलों ने आयोग को अपने सुझाव दिए। राजनीतिक दलों ने सुझाव दिया कि छठ पर्व के बाद कम चरणों में चुनाव कराए जाएं, ताकि मतदाताओं की भागीदारी अधिक हो सके। इस दौरान आयोग ने सभी दलों से मतदाताओं के बीच जाकर लोकतंत्र को उत्सव की तरह मनाने की अपील की और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
सोशल मीडिया और भ्रामक ख़बरों पर निगरानी के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान आयोग ने फर्जी खबरों और सोशल मीडिया पर फैलने वाली गलत सूचनाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत निगरानी रखी जाए और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब सबकी निगाहें पटना में दोपहर 2 बजे होने वाली चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ़्रेंस पर टिकी हैं। संभावना है कि आयोग इसमें बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, EVM प्रबंधन और मतदाता जागरूकता से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर बड़ी घोषणा कर सकता है। हालांकि तारीखों का ऐलान फिलहाल टलने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन आज की प्रेस कॉन्फ़्रेंस को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की औपचारिक शुरुआत का संकेत माना जा रहा है।