द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली में छठ महापर्व के नजदीक आते ही यमुना की सफाई को लेकर सियासी जंग तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने रविवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मंत्री प्रवेश वर्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार यमुना की सफाई के नाम पर केवल दिखावा कर रही है। उनका कहना था कि केमिकल छिड़काव से झाग तो कम किया जा सकता है, लेकिन प्रदूषण खत्म नहीं होता।
केमिकल के छिड़काव से पानी का झाग घट सकता है, गंदगी नहीं
सौरभ भारद्वाज ने खुली चुनौती दी कि अगर मुख्यमंत्री और मंत्री को यकीन है कि यमुना साफ हो चुकी है, तो वे कालिंदी कुंज का एक लीटर पानी पीकर दिखाएं। उन्होंने कहा, केमिकल के छिड़काव से पानी का झाग घट सकता है, गंदगी नहीं मिटती। डिफोमिंग एजेंट सिर्फ झाग घटाता है, प्रदूषण नहीं। यह विज्ञान है, राजनीति नहीं।
AAP नेता ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने यमुना की सफाई को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि हरियाणा से किसी समझौते की पहल नहीं हुई और नजफगढ़ नाले को बंद करने की कोशिश भी नहीं की गई। भारद्वाज ने चेतावनी दी कि जब तक नजफगढ़ का गंदा पानी यमुना में गिरता रहेगा, झाग बनना तय है।
झूठ मत बोलिए, सच मानिए और स्वीकार कीजिए
सौरभ भारद्वाज ने दोहरे मानदंड का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आज वही डिफोमिंग एजेंट छिड़का जा रहा है, जिसे बीजेपी पहले “जहर” कहती थी। उन्होंने तंज कसा, जब केजरीवाल सरकार यही केमिकल इस्तेमाल करती थी, बीजेपी कहती थी लोग मर जाएंगे। अब वही जल बोर्ड छिड़क रहा है और दावा कर रहा है कि यमुना साफ हो गई। झूठ मत बोलिए, सच मानिए और स्वीकार कीजिए कि आप वही कर रहे हैं जो केजरीवाल सरकार करती थी।
AAP नेता ने साफ कहा कि झूठ बोलने से हकीकत नहीं बदलेगी। उन्होंने कहा कि अगर सीएम रेखा गुप्ता को सच में लगता है कि यमुना प्रदूषण मुक्त हो गई है, तो उन्हें और मंत्री प्रवेश वर्मा को उनके साथ यमुना का पानी पीना चाहिए। इसके बाद ही साबित होगा कि यमुना वास्तव में साफ है। इस बयान के बाद दिल्ली में यमुना सफाई को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। अगले कुछ दिनों में इस मुद्दे पर विपक्ष और सरकार के बीच तीखी बहस की संभावना बढ़ गई है।

