द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को बड़ा सुरक्षा हादसा हुआ, जब लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पार्क की एक कार में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और कई लोग घबराकर बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई घायल हैं। धमाका स्थल के पास अफरा–तफरी का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके को घेरकर जांच में जुटी हैं।
PM मोदी बोले – हर संभव मदद जारी, घायल जल्द स्वस्थ हों
धमाके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना ज़ाहिर की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पीएम ने लिखा कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है। साथ ही, गृह मंत्री अमित शाह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और जांच का पूरा फॉलो-अप ले रहे हैं।
दिल्ली-मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट, कड़ी निगरानी शुरू
विस्फोट के बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सील कर दिया है और आस-पास की यातायात व्यवस्था अस्थायी रूप से रोक दी गई है। दिल्ली के साथ-साथ मुंबई और उत्तर प्रदेश में भी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। रेलवे, मॉल्स, मेट्रो स्टेशन और भीड़–भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग तेज कर दी गई है।
मुंबई पुलिस ने रात भर कॉम्बिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने और संवेदनशील स्थानों पर हाई विजिबिलिटी पेट्रोलिंग के आदेश दिए हैं। धार्मिक स्थलों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा सख्त की जा रही है।
CCTV फुटेज की तलाश में जुटी पुलिस, आतंकी एंगल की जांच भी शुरू
धमाका जिस कार में हुआ, उसे फॉरेंसिक टीम ने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल, विस्फोट का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन धमाके की प्रकृति को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है जिसमें आतंकी एंगल भी शामिल है। आसपास लगाए गए CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार यहां कैसे पहुंची और क्या इसमें कोई संदिग्ध गतिविधि हुई थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी दूर तक गई और इलाके में धुआं फैल गया। सुरक्षा एजेंसियां अभी यह भी जांच कर रही हैं कि कार में क्या सामग्री थी और क्या यह प्लान्ड ब्लास्ट था या किसी तकनीकी खराबी के कारण विस्फोट हुआ। दिल्ली जैसे हाई–सिक्योरिटी ज़ोन में ऐसे धमाके ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसियां भी मामले की जांच में शामिल हो सकती हैं। फिलहाल, पूरे घटनाक्रम पर केंद्र सरकार की निगरानी है और जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

