द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली की हवा एक बार फिर जहरीली हो गई है। ठंड बढ़ने और हवा की रफ्तार बेहद धीमी होने के कारण रविवार को राजधानी की एयर क्वालिटी लगातार बिगड़ती चली गई। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का ओवरऑल AQI 391 रहा, जो ‘बहुत खराब’ (Very Poor) कैटेगरी में आता है। शनिवार की तुलना में AQI में 21 पॉइंट की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
दिल्ली की हवा में PM 10 और PM 2.5 का स्तर भी खतरनाक रूप से बढ़ गया है। सामान्य मानक के मुताबिक PM 10 का स्तर 100 माइक्रोग्राम और PM 2.5 का स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से नीचे होना चाहिए, लेकिन रविवार शाम 4 बजे रिकॉर्ड किए गए आंकड़ों के अनुसार PM 10 का लेवल 373.3 माइक्रोग्राम और PM 2.5 का लेवल 215.8 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर था। इसका मतलब है कि हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा सामान्य स्तर से साढ़े तीन गुना ज़्यादा हो चुकी है।
दिल्ली के कई इलाकों में हवा ‘खतरनाक’ ज़ोन में
CPCB के SAMEER ऐप के अनुसार, राजधानी के 19 मॉनिटरिंग स्टेशन ‘बहुत खराब’ कैटेगरी में रहे, जबकि अन्य 19 स्टेशनों पर AQI 300 से ऊपर दर्ज किया गया। स्विस संस्था IQAir के अनुसार, रविवार सुबह 9:30 बजे दिल्ली का AQI 463 और रात 9:30 बजे 461 रहा दोनों ही रीडिंग्स ‘खतरनाक’ (Hazardous) कैटेगरी में आती हैं।
सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में वज़ीरपुर और विवेक विहार रहे, जहाँ दोपहर 3 बजे AQI 456 दर्ज किया गया। इन दोनों स्थानों पर हवा की गुणवत्ता सीधे ‘गंभीर’ (Severe) कैटेगरी में पहुँच गई। राजधानी के 18 स्थान ऐसे थे जहाँ AQI 400 से ऊपर रहा, जो “गंभीर” और “अत्यंत गंभीर” श्रेणी का संकेत है।
पराली का प्रभाव बेहद कम
IIT-M पुणे के Decision Support System (DSS) के अनुसार, रविवार को दिल्ली-NCR की हवा में पराली जलाने की हिस्सेदारी सिर्फ 1.39% रही। यह आंकड़ा पिछले दिन की तुलना में भी कम है, जब पराली की हिस्सेदारी 2.66% थी। इसका अर्थ है कि दिल्ली की हवा को जहरीला बनाने में स्थानीय प्रदूषक और मौसम की स्थितियाँ मुख्य वजह हैं।
अगले तीन दिन राहत की उम्मीद नहीं
एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम ने चेतावनी दी है कि सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की एयर क्वालिटी “बहुत खराब” श्रेणी में बनी रह सकती है। हवा की रफ्तार धीमी रहने और तापमान गिरने के कारण पॉल्यूटेंट्स जमीन के नज़दीक जमा हो रहे हैं, जिससे AQI तेजी से बिगड़ रहा है।
मौसम विभाग का अनुमान
रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26.7°C और न्यूनतम 10.4°C रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा कम है। आर्द्रता का स्तर दिनभर 45% से 100% के बीच रहा। मौसम विभाग ने सोमवार सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है। दिनभर आसमान साफ रहने और धूप खिलने का अनुमान है, लेकिन हवा की गुणवत्ता में बड़े सुधार की उम्मीद नहीं है।
दिल्ली के सबसे प्रदूषित इलाके (AQI के आधार पर)
1. वज़ीरपुर – 456
1. विवेक विहार – 456
2. रोहिणी – 449
3. जहांगीरपुरी – 446
4. बवाना – 440
5. आनंद विहार – 436
6. अशोक विहार – 434
7. मुंडका – 422
7. नरेला – 422
8. बुराड़ी – 415

