द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : महिंद्रा एंड महिंद्रा भारतीय बाजार में अपनी SUV लाइन-अप को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम (Vision S) उठाने की तैयारी में है। कंपनी अब मिड-साइज SUV सेगमेंट में उतरने की योजना बना रही है, जहां फिलहाल Hyundai Creta का दबदबा बना हुआ है।
ऑटो इंडस्ट्री से जुड़ी रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिंद्रा की यह अपकमिंग SUV न सिर्फ क्रेटा को सीधी चुनौती देगी, बल्कि आने वाले समय में लॉन्च होने वाली Tata Sierra जैसी गाड़ियों से भी मुकाबला कर सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इस SUV को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन बाजार में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो चुकी हैं।
नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी Mahindra की नई SUV
महिंद्रा की यह नई मिड-साइज SUV कंपनी के NU_IQ मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है। इस प्लेटफॉर्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी मल्टी-पावरट्रेन क्षमता है। यानी इस पर पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन को आसानी से विकसित किया जा सकता है। इससे साफ संकेत मिलते हैं कि महिंद्रा भविष्य में इस SUV को अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि यह SUV XUV ब्रांड के तहत लॉन्च होगी और इसकी पोजिशनिंग सीधे Hyundai Creta के मुकाबले रखी जाएगी।
Vision S कॉन्सेप्ट से मिलेगा डिजाइन का अंदाजा
महिंद्रा की इस नई SUV का डिजाइन काफी हद तक Vision S कॉन्सेप्ट से प्रेरित हो सकता है, जिसे कंपनी ने इस साल Independence Day के मौके पर पेश किया था। इस कॉन्सेप्ट में महिंद्रा का नया ट्विन पीक्स लोगो, शार्प LED लाइट्स और दमदार फ्रंट प्रोफाइल देखने को मिली थी।
SUV का ओवरऑल लुक मजबूत और बॉक्सी था, जो ऑफ-रोडिंग कैरेक्टर को दर्शाता है। ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस, चौड़ा स्टांस और बड़े टायर्स इसे सड़क पर काफी मस्कुलर अपील देते हैं। हालांकि, प्रोडक्शन वर्जन में कुछ कॉन्सेप्ट एलिमेंट्स को व्यावहारिक जरूरतों के हिसाब से थोड़ा सादा किया जा सकता है।
केबिन में मिलेंगे प्रीमियम और हाई-टेक फीचर्स
Vision S कॉन्सेप्ट के इंटीरियर में भी कई आधुनिक फीचर्स देखने को मिले थे। इसमें नया मल्टी-फंक्शन स्टीयरिंग व्हील, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट दिया गया था। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, ड्यूल-टोन केबिन और प्रीमियम फिनिशिंग ने इसे एक फ्यूचरिस्टिक SUV का एहसास दिया।
कॉन्सेप्ट में फ्यूल कैप की मौजूदगी से यह साफ है कि यह ICE यानी पेट्रोल-डीजल इंजन पर आधारित मॉडल है। प्रोडक्शन वर्जन में भी पेट्रोल और डीजल दोनों विकल्प मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
कब हो सकती है लॉन्च और किनसे होगा मुकाबला
रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिंद्रा की यह नई मिड-साइज SUV 2027 तक भारतीय बाजार में लॉन्च हो सकती है। लॉन्च के बाद इसका सीधा मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos और भविष्य में आने वाली Tata Sierra से होगा। अगर महिंद्रा इसे दमदार फीचर्स, मजबूत पावरट्रेन और प्रतिस्पर्धी कीमत के साथ उतारती है, तो यह मिड-साइज SUV सेगमेंट में बड़ा उलटफेर कर सकती है।

