द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : नया साल 2026 आम जनता के लिए कई आर्थिक परिवर्तनों की शुरुआत लेकर आ रहा है। कई नियम 1 जनवरी से लागू हो जाएंगे, जो सीधे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी, बैंकिंग, टैक्स, गैस सिलेंडर से लेकर डिजिटल भुगतान तक पर प्रभाव डालेंगे। सरकार ने सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और फ्रॉड रोकने के लिए कई नए प्रावधान किए हैं। ऐसे में हर नागरिक को यह जानना जरूरी है कि किन बदलावों का असर उनके बजट, सुविधाओं और दैनंदिन लेन-देन पर पड़ेगा।
UPI, SIM और डिजिटल पेमेंट के नियम होंगे सख्त
सबसे अहम बदलाव डिजिटल पेमेंट के मोर्चे पर देखने को मिलेगा। UPI और ऑनलाइन भुगतान से जुड़े नियम कड़े किए जा रहे हैं, ताकि साइबर फ्रॉड और डेटा लीक के मामलों में कमी लाई जा सके। सिम कार्ड वेरिफिकेशन भी अब पहले से सख्त होगा। बिना पूर्ण KYC वाले नंबरों पर लगाम कसी जाएगी। इसके साथ ही व्हाट्सएप, टेलीग्राम जैसे मैसेजिंग ऐप पर भी ट्रैकिंग और सख्ती बढ़ाने की तैयारी है, जिससे ठगी और फर्जी मैसेजिंग पर रोक लगेगी। नई व्यवस्था में फर्जी लिंक पर क्लिक कर ठगी का खतरा कम करने का प्रयास किया जाएगा।
अब बात सबसे महत्वपूर्ण पैन-आधार लिंक की। 31 दिसंबर 2025 अंतिम तिथि है। अगर PAN और Aadhaar लिंक नहीं हैं, तो 1 जनवरी से PAN निष्क्रिय हो जाएगा, जिसका असर आयकर रिटर्न, बैंकिंग, KYC, सरकारी सब्सिडी, पेंशन और PF क्लेम तक पड़ सकता है। ऐसे में लिंक न करने वालों को तुरंत प्रक्रिया पूरी करनी होगी, वरना बड़े वित्तीय काम रुक जाएंगे। इसी वर्ष नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 लागू किया जाएगा, जो 1961 के पुराने कानून को रिप्लेस करेगा। इससे टैक्स संरचना में बड़ा बदलाव संभव है। साथ ही 8वें वेतन आयोग को लेकर भी उम्मीद है कि जनवरी से सरकारी कर्मचारियों की सैलरी में सुधार देखने को मिल सकता है।
LPG सिलेंडर, CNG-PNG और ईंधन के रेट बदलेंगे
2026 में महंगाई और बजट पर सीधा प्रभाव डालने वाला बदलाव LPG पर दिखेगा। 1 जनवरी से LPG सिलेंडर के दाम बदलेंगे। महंगा या सस्ता, दोनों संभावनाएं खुली हैं। पिछले महीने 10 रुपये घटे थे, लेकिन नए साल पर फिर संशोधन होगा। इसके साथ CNG, PNG और ATF (हवाई ईंधन) की कीमतें भी बदलेंगी, जिससे यात्रा व गैस खर्च प्रभावित होगा। वाहन खरीदने वालों के लिए भी खबर है—कार और बाइक की कीमतें 2026 में बढ़ेंगी, कई ऑटो कंपनियां नए साल में प्राइस हाइक लागू करेंगी।
बैंकिंग सेक्टर में भी राहत की उम्मीद है। SBI, PNB और HDFC बैंक 1 जनवरी से लोन रेट कम कर सकते हैं, जिससे होम, ऑटो और पर्सनल लोन लेना सस्ता होगा। वहीं नए वित्त वर्ष में FD दरों में भी संशोधन लागू होगा। किसानों के लिए सरकार नई यूनिक आईडी आधारित PM किसान लाभ प्रणाली लाने जा रही है, जहां फसल बीमा और जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान का क्लेम नई प्रक्रिया से आसानी से हो सकेगा।
कुल मिलाकर 2026 आम जनता की जेब, सुविधा और अर्थव्यवस्था से जुड़ा बड़ा बदलाव वाला साल होने जा रहा है। सलाह है कि लिंकिंग, बैंकिंग अपडेट और टैक्स नियमों की जानकारी समय रहते पूरी करें, ताकि नए साल की शुरुआत राहत के साथ हो, परेशानी के साथ नहीं।

