द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार खतरनाक स्तर पर पहुंच रही है। ठंड के साथ घना स्मॉग और कोहरा मिलकर शहर को गैस चेंबर में बदलता दिख रहा है। नए साल के ठीक पहले हवा इतनी खराब हो गई है कि डॉक्टरों ने साफ चेतावनी जारी की है कि बिना मास्क बाहर निकलना फेफड़ों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
रविवार 28 दिसंबर की सुबह दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) करीब 400 पहुंच गया, जो सीवियर ज़ोन में आता है। इसका मतलब है कि हवा में जहरीले कण बेहद ज्यादा हैं और सांस लेना तक जोखिम भरा हो सकता है। राजधानी में सुबह-सुबह विजिबिलिटी इतनी कम रही कि वाहनों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
दिल्ली के ये इलाके सबसे ज्यादा प्रदूषित
स्थिति सबसे ज्यादा खराब राजधानी के कई इलाकों में रही। सरकारी ऐप समीर के आंकड़ों के अनुसार आनंद विहार में AQI 445, शादीपुर में 447, वजीरपुर 437, नरेला 435, विवेक विहार 428, जबकि अशोक विहार, ओखला फेस-2, पंजाबी बाग, पटपड़गंज जैसे क्षेत्रों में भी AQI 420 से ऊपर दर्ज हुआ। ITO, द्वारका सेक्टर-8, RK पुरम में भी हवा बेहद खराब रही। प्रदूषण का यह स्तर साफ बताता है कि लगभग पूरा दिल्ली-एनसीआर जहरीली धुंध की चपेट में है, जिससे बुजुर्ग, बच्चे और दमा/हार्ट के मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
कोहरे ने बढ़ाई परेशानी – उड़ानें व ट्रेनें प्रभावित
मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए पहले ही Yellow Fog Alert जारी किया था, जो सुबह सच साबित हुआ। न्यूनतम तापमान गिरकर 7.8°C तक पहुंचा, जिससे ठंड और स्मॉग दोनों बढ़ गए। ठंडी हवा रुकने और वातावरण स्थिर होने के कारण प्रदूषक जमीन पर जमते जा रहे हैं, जिससे स्मॉग परत और घनी होती जा रही है। इसी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं, कुछ डायवर्ट और कई ट्रेनें घंटों लेट हैं। नए साल के जश्न की प्लानिंग करने वालों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।
विशेषज्ञों ने लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है। डॉक्टरों का कहना है कि हवा में मौजूद PM2.5 कण सीधे फेफड़ों में जमा होकर अटैक, संक्रमण और सांस फूलने जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह दे रहे हैं कि N95/एन-99 मास्क पहनें, व्यायाम व मॉर्निंग वॉक से फिलहाल बचें, घर में एयर प्यूरीफायर चलाएं और बच्चों को प्रदूषित वातावरण में खेलने से रोकें। प्रशासन की निगरानी जारी है, लेकिन राहत के आसार अभी नजर नहीं आ रहे।

