द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा की सगाई की खबर चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार, रेहान वाड्रा ने हाल ही में अपनी दोस्त अवीवा बेग को प्रपोज किया, जिन्हें वे पिछले सात वर्षों से डेट कर रहे थे। जानकारी के मुताबिक अवीवा ने प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है और दोनों परिवारों की ओर से भी रिश्ते पर सहमति बन गई है।
बताया जा रहा है कि अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं, वहीं शादी की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि विवाह की तारीख और समारोह से जुड़ा फैसला दोनों परिवार आपसी सहमति और सुविधानुसार आगे तय करेंगे।
रॉबर्ट वाड्रा की संपत्ति 65.54 करोड़ रुपये
प्रियंका गांधी फिलहाल केरल की वायनाड लोकसभा सीट से सांसद हैं और हाल ही में उपचुनाव जीतकर संसद पहुंचीं। चुनाव नामांकन के दौरान उन्होंने अपनी संपत्ति और पारिवारिक वित्तीय विवरण का हलफनामा भी दाखिल किया था। उसके मुताबिक उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की कुल संपत्ति 65.54 करोड़ रुपये है। इसमें 37.9 करोड़ रुपये की चल संपत्तियां और 27.64 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां शामिल हैं। वहीं, उनके ऊपर 10 करोड़ रुपये की देनदारियां भी दर्ज हैं।
हलफनामे के अनुसार, रॉबर्ट वाड्रा के पास 2.18 लाख रुपये नकद, तथा विभिन्न बैंक खातों में करीब 50 लाख रुपये जमा हैं। इसके साथ ही उनके नाम पर कई लोन भी हैं, जिनकी कुल राशि लगभग 34 करोड़ रुपये बताई गई है।
व्यवसाय और लाइफस्टाइल
रॉबर्ट वाड्रा पेशे से व्यवसायी हैं और हैंडीक्राफ्ट, कस्टम ज्वेलरी और रियल एस्टेट सेक्टर में सक्रिय हैं। उनकी कंपनी का नाम आर्टेक्स एक्सपोर्ट्स है। इसके अलावा उन्हें लग्जरी गाड़ियों का शौक है और उनके पास तीन वाहन हैं, जिनमें करीब 53 लाख रुपये कीमत वाली Toyota Land Cruiser भी शामिल है।
रेहान और अवीवा की सगाई की खबर सोशल मीडिया के साथ राजनीतिक हलकों में भी तेजी से चर्चा का विषय बन गई है। अब सबकी निगाहें शादी की तारीख और समारोह की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

