द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : नए साल 2026 की शुरुआत के साथ ही बहुत से लोग अपने बड़े वित्तीय फैसलों की प्लानिंग करने लगते हैं। कोई होम लोन लेकर अपना पहला घर खरीदने का सपना देख रहा है, तो कोई पर्सनल लोन या नया क्रेडिट कार्ड लेने की तैयारी में है। लेकिन इन सभी फाइनेंशियल प्लान्स की नींव एक ही चीज पर टिकी होती है- क्रेडिट स्कोर। अगर आपका क्रेडिट स्कोर मजबूत है, तो न सिर्फ लोन आसानी से मंजूर होता है, बल्कि कम ब्याज दर पर फाइनेंस मिलने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है।
अक्सर लोग समय रहते अपने क्रेडिट स्कोर पर ध्यान नहीं देते और जब जरूरत पड़ती है, तब उन्हें ऊंची ब्याज दर या लोन रिजेक्शन का सामना करना पड़ता है। इसलिए साल की शुरुआत अपने पूरे फाइनेंशियल हेल्थ को सुधारने और सही दिशा में ले जाने का सबसे बेहतर समय मानी जाती है।
क्रेडिट स्कोर क्यों है फाइनेंशियल प्लानिंग की रीढ़?
क्रेडिट स्कोर आपकी वित्तीय आदतों का रिपोर्ट कार्ड होता है। बैंक और फाइनेंशियल संस्थान इसी स्कोर के आधार पर तय करते हैं कि आपको लोन दिया जाए या नहीं। अच्छा स्कोर यह दिखाता है कि आप समय पर भुगतान करते हैं, जिम्मेदारी से क्रेडिट का इस्तेमाल करते हैं और फाइनेंशियल रूप से भरोसेमंद हैं। यही वजह है कि 2026 की फाइनेंशियल प्लानिंग की शुरुआत क्रेडिट स्कोर को मजबूत करने से होनी चाहिए।
क्रेडिट कार्ड का स्मार्ट इस्तेमाल करें, बोझ न बनाएं
क्रेडिट कार्ड सुविधा के लिए होता है, न कि जरूरत से ज्यादा खर्च के लिए। अगर आप अपना क्रेडिट स्कोर सुधारना चाहते हैं, तो क्रेडिट लिमिट का 30 प्रतिशत से ज्यादा इस्तेमाल करने से बचें। उदाहरण के तौर पर, अगर आपकी लिमिट 1 लाख रुपये है, तो महीने में 30 हजार रुपये से ज्यादा खर्च न करें। इससे यह संकेत जाता है कि आप क्रेडिट पर जरूरत से ज्यादा निर्भर नहीं हैं, जो आपके स्कोर के लिए फायदेमंद होता है।
लोन ईएमआई, क्रेडिट कार्ड बिल, मोबाइल या अन्य यूटिलिटी बिल हर भुगतान का समय पर होना बेहद जरूरी है। एक भी देरी आपके क्रेडिट स्कोर को नुकसान पहुंचा सकती है। सिर्फ मिनिमम अमाउंट चुकाने की बजाय पूरा बिल चुकाना बेहतर माना जाता है। यह आदत न सिर्फ ब्याज से बचाती है, बल्कि आपके फाइनेंशियल डिसिप्लिन को भी मजबूत करती है।
क्रेडिट रिपोर्ट की नियमित जांच है जरूरी
कई बार क्रेडिट रिपोर्ट में गलत जानकारी दर्ज हो जाती है जैसे बंद लोन को चालू दिखाना, गलत बकाया राशि या किसी और की एंट्री। ये छोटी-सी लगने वाली गलतियां आपके स्कोर को बड़ा नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए साल में कम से कम एक बार अपनी क्रेडिट रिपोर्ट जरूर जांचें और किसी भी गलती को तुरंत सही करवाएं।
2026 की स्मार्ट फाइनेंशियल प्लानिंग का मंत्र
इस साल सिर्फ लोन लेने की सोचने के बजाय बचत, निवेश और खर्च तीनों का संतुलन बनाएं। इमरजेंसी फंड तैयार करें, नियमित निवेश की आदत डालें और गैर-जरूरी खर्चों से बचें। मजबूत क्रेडिट स्कोर के साथ यह पूरी फाइनेंशियल प्लानिंग आपको न सिर्फ आर्थिक सुरक्षा देगी, बल्कि भविष्य के बड़े सपनों को भी आसान बनाएगी।
नया साल आपके लिए सिर्फ तारीख का बदलाव नहीं, बल्कि एक मजबूत और सुरक्षित फाइनेंशियल भविष्य की शुरुआत बन सकता है बस जरूरत है सही फैसलों और अनुशासित आदतों की।

