द लोकतंत्र : मशहूर कंटेंट क्रिएटर और बिग बॉस ओटीटी विजेता एल्विश यादव इन दिनों सफलता के रथ पर सवार हैं। हाल ही में वेब सीरीज ‘औकात के बाहर’ में अपनी एक्टिंग का दम दिखाने के बाद, अब उनका नया रोमांटिक गाना ‘तेरे दिल में’ रिलीज हो गया है। इस गाने में उनके साथ टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस जन्नत जुबैर नजर आ रही हैं।
स्क्रीन पर दोनों की जोड़ी इतनी कमाल लग रही है कि फैंस इसे बार-बार देख रहे हैं। यही वजह है कि रिलीज होने के मात्र 24 घंटे के भीतर ही इस गाने को 4.4 मिलियन (44 लाख) से ज्यादा बार देखा जा चुका है।
प्यार और बगावत की खूबसूरत कहानी
‘तेरे दिल में’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि एक छोटी सी फिल्म की तरह है। इसमें एल्विश और जन्नत की एक इमोशनल लव स्टोरी दिखाई गई है। कहानी में ट्विस्ट तब आता है जब जन्नत के पिता उनकी शादी जबरदस्ती किसी और से तय कर देते हैं। लेकिन अपने प्यार को मुकाम तक पहुँचाने के लिए जन्नत सब कुछ छोड़कर एल्विश के साथ चली जाती हैं।
इन दिग्गजों ने सजाया है गाना
गाने की सफलता के पीछे बेहतरीन टीम का हाथ है। इसे अपनी सुरीली आवाज से रितो रिबा ने सजाया है। गाने के बोल राणा सोतल ने लिखे हैं और संगीत रजत नागपाल ने दिया है। जन्नत जुबैर और एल्विश की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को फैंस पहले से ही ‘लाफ्टर शेफ’ जैसे शोज में पसंद करते आए हैं, और अब इस रोमांटिक अवतार ने फैंस को झूमने पर मजबूर कर दिया है।
‘लाफ्टर शेफ’ के सेट पर भी मचेगी धूम
एल्विश और जन्नत की यह मशहूर जोड़ी फिलहाल ‘लाफ्टर शेफ सीजन 3’ में भी नजर आ रही है। इस शो में उनके साथ करण कुंद्रा, कृष्णा अभिषेक, अली गोनी और विवियन डीसेना जैसे बड़े सितारे भी शामिल हैं। शो को भारती सिंह होस्ट कर रही हैं और मशहूर शेफ हरपाल सोखी जज की भूमिका में हैं।
एल्विश यादव की जबरदस्त फैन फॉलोइंग और जन्नत जुबैर की सोशल मीडिया पॉपुलैरिटी ने इस गाने को रातों-रात ब्लॉकबस्टर बना दिया है। कमेंट सेक्शन में फैंस “एल्विश भाई के आगे कोई बोल सकता है क्या” और “जन्नत-एल्विश बेस्ट जोड़ी” जैसे कमेंट्स की झड़ी लगा रहे हैं।

