द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi ने पश्चिम बंगाल की जनता के नाम एक भावनात्मक पत्र लिखा है। यह पत्र राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर पहुंचाया जा रहा है। पत्र में प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आने वाले महीनों में राज्य की दिशा और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य जनता के निर्णय पर निर्भर करेगा।
प्रधानमंत्री ने ‘विकसित पश्चिम बंगाल’ का संकल्प दोहराते हुए लिखा कि हर युवा, बुजुर्ग और महिला जो ‘सोनार बांग्ला’ का सपना देखती है, आज पीड़ा में है और यह पीड़ा उन्हें भी व्यथित करती है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों के हित से लेकर युवाओं के सपनों को साकार करने और महिलाओं के सशक्तिकरण तक, कई योजनाओं के सकारात्मक परिणाम देशभर में दिख रहे हैं।
पत्र में केंद्र की योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग न मिलने के बावजूद पश्चिम बंगाल के करीब 5 करोड़ लोगों को Pradhan Mantri Jan Dhan Yojana के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली से जोड़ा गया। Swachh Bharat Abhiyan के तहत 85 लाख शौचालय बनाए गए और छोटे व्यापारियों को बड़े पैमाने पर ऋण उपलब्ध कराया गया।
टीएमसी सरकार पर निशाना, रोजगार और सुरक्षा को बनाया मुद्दा
प्रधानमंत्री ने राज्य की मौजूदा सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि आज बंगाल के युवा रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन को मजबूर हैं और महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कभी औद्योगिक विकास में अग्रणी रहा पश्चिम बंगाल आज पिछड़ गया है।
किसानों के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने लिखा कि PM Kisan Samman Nidhi के तहत 52 लाख से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता दी गई है। वहीं Pradhan Mantri Ujjwala Yojana के माध्यम से एक करोड़ से ज्यादा परिवारों को रसोई गैस कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई। प्रधानमंत्री ने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए Subhas Chandra Bose और Rabindranath Tagore की भूमि को गौरवशाली बताते हुए कहा कि राज्य को फिर से सम्मान और विकास के मार्ग पर लाना आवश्यक है। उन्होंने अवैध घुसपैठ और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भी चिंता जताई।
पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि यदि उन्हें सेवा का अवसर मिलता है तो वे हर पल बंगाल के विकास और खुशहाली के लिए समर्पित रहेंगे। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, यह अभियान व्यापक स्तर पर चलाया जा रहा है और लोगों में पत्र को लेकर उत्सुकता देखी जा रही है।

