द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : अगर आप नई SUV या कार खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो 2026 का इंतजार करना आपके लिए एक स्मार्ट फैसला साबित हो सकता है। भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार तेजी से बदल रहा है और ग्राहक अब सिर्फ शानदार लुक ही नहीं, बल्कि एडवांस टेक्नोलॉजी, बेहतर सेफ्टी और ज्यादा माइलेज वाली गाड़ियों को प्राथमिकता दे रहे हैं। यही वजह है कि देश की प्रमुख ऑटो कंपनियां अपनी लोकप्रिय कारों को नए अपडेट और आधुनिक फीचर्स के साथ लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
आने वाले मॉडल्स में पेट्रोल, हाइब्रिड, इलेक्ट्रिक, CNG और फ्लेक्स-फ्यूल जैसे कई पावरट्रेन विकल्प देखने को मिल सकते हैं, जिससे ग्राहकों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार बेहतर चुनाव का मौका मिलेगा।
SUV Punch EV का आयेगा अपडेटेड वर्जन
टाटा मोटर्स अपनी लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV Punch EV के अपडेटेड वर्जन पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि इसमें बड़ा बैटरी पैक दिया जा सकता है, जो एक बार चार्ज करने पर लगभग 450 किलोमीटर से अधिक की रेंज देने में सक्षम होगा। साथ ही कंपनी मौजूदा बैटरी विकल्पों को भी जारी रख सकती है, ताकि अलग-अलग बजट के ग्राहकों को विकल्प मिलते रहें। फीचर्स की बात करें तो नई Punch EV में बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, प्रीमियम ऑडियो सेटअप, बेहतर सीट क्वालिटी और 360-डिग्री कैमरा जैसे एडवांस फीचर्स शामिल होने की संभावना है। यह अपडेट इसे अपने सेगमेंट में और ज्यादा प्रतिस्पर्धी बना सकता है।
SUV Scorpio N के फेसलिफ्ट मॉडल की टेस्टिंग आख़िरी दौर में
वहीं महिंद्रा भी अपनी दमदार SUV Scorpio N के फेसलिफ्ट मॉडल को अंतिम टेस्टिंग चरण में पहुंचा चुकी है। नई Scorpio N में डिजाइन को और आकर्षक बनाया जा सकता है, जबकि केबिन में बड़ा टचस्क्रीन, फुल डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और पैनोरमिक सनरूफ जैसे प्रीमियम फीचर्स जोड़े जाने की उम्मीद है। इन बदलावों के साथ यह SUV उन ग्राहकों को खास तौर पर आकर्षित कर सकती है, जो पावर और लग्जरी का संतुलन चाहते हैं।
Kushaq फेसलिफ्ट और Slavia का अपडेटेड मॉडल हो सकते हैं लॉन्च
यूरोपीय कार निर्माता स्कोडा भी 2026 के लिए बड़ी रणनीति तैयार कर रही है। कंपनी पहले Kushaq फेसलिफ्ट और उसके बाद Slavia का अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर सकती है। दोनों गाड़ियों में नया ऑटोमैटिक गियरबॉक्स, आधुनिक डिजिटल डिस्प्ले और एक्सटीरियर में हल्के लेकिन प्रभावशाली डिजाइन बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
हुंडई भी रेस में
इसी क्रम में हुंडई अपनी लोकप्रिय कारों Exter और Verna के नए वर्जन पर काम कर रही है, जिनमें नई डिजाइन लैंग्वेज और ज्यादा प्रीमियम इंटीरियर मिलने की संभावना है। फॉक्सवैगन भी Taigun और Virtus को नए फीचर्स और बेहतर टेक्नोलॉजी के साथ अपडेट करने की तैयारी में है।
Brezza फेसलिफ्ट भी चर्चा में
मारुति सुजुकी की Brezza फेसलिफ्ट भी चर्चा में बनी हुई है। इसमें मामूली डिजाइन अपडेट के साथ लेवल-2 ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं, जो ड्राइविंग को पहले से ज्यादा सुरक्षित बनाएंगे। इंजन विकल्पों में पेट्रोल और CNG का विकल्प जारी रहने की संभावना है, जिससे यह SUV माइलेज और सेफ्टी दोनों के मामले में ग्राहकों की पसंद बन सकती है।
कुल मिलाकर, 2026 भारतीय कार बाजार के लिए बदलाव और नवाचार का साल साबित हो सकता है। अगर आप नई तकनीक, अत्याधुनिक सेफ्टी फीचर्स और बेहतर ड्राइविंग अनुभव चाहते हैं, तो थोड़ी प्रतीक्षा करना आपके लिए फायदे का सौदा हो सकता है। आने वाले मॉडल्स न केवल आपके सफर को ज्यादा आरामदायक बनाएंगे, बल्कि ऑटो सेक्टर में बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण बेहतर वैल्यू फॉर मनी भी दे सकते हैं।

