द लोकतंत्र/ ऑटो न्यूज़ : भारतीय बाजार में मिडसाइज एसयूवी सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में Skoda Kushaq का फेसलिफ्ट वर्जन अब आधिकारिक तौर पर भारत में प्रोडक्शन लाइन पर आ चुका है। Skoda Auto Volkswagen India ने अपने पुणे स्थित प्लांट से नई कुशाक फेसलिफ्ट की पहली यूनिट रोलआउट कर दी है। कंपनी अगले महीने मार्च में इसकी कीमतों का ऐलान करेगी और उसी के बाद डिलीवरी शुरू होने की संभावना है।
नई कुशाक फेसलिफ्ट को बेहतर डिजाइन, उन्नत सेफ्टी फीचर्स और सेगमेंट-फर्स्ट टेक्नोलॉजी के साथ पेश किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल ‘मेक इन इंडिया, फॉर इंडिया एंड द वर्ल्ड’ विजन के तहत तैयार किया गया है। फेसलिफ्ट मॉडल में लगभग 40 एक्टिव और पैसिव सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं और इसे 5-स्टार सेफ्टी मानकों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।
सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स और प्रीमियम अपग्रेड
नई स्कोडा कुशाक फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर में ज्यादा शार्प डिजाइन एलिमेंट्स, अपडेटेड ग्रिल और एलईडी लाइटिंग सेटअप देखने को मिलता है। वहीं इंटीरियर को और ज्यादा प्रीमियम बनाया गया है। इस बार कंपनी ने कई ऐसे फीचर्स जोड़े हैं, जो इसे अपने सेगमेंट में अलग पहचान देते हैं।
इस एसयूवी में सेगमेंट-फर्स्ट रियर सीट मसाज फंक्शन और पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है, जो लंबी यात्रा को और आरामदायक बनाता है। इसके अलावा नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन भी पेश किया गया है, जिससे ड्राइविंग अनुभव और स्मूद होगा। कंपनी ने केबिन कंफर्ट, एडवांस्ड इंफोटेनमेंट और बेहतर कनेक्टिविटी पर भी खास ध्यान दिया है।
लोकलाइजेशन और भारत-केंद्रित रणनीति
स्कोडा कुशाक भारत 2.0 रणनीति के तहत विकसित की गई पहली एसयूवी थी, जिसे भारतीय सड़कों और ग्राहकों की जरूरतों के अनुसार डिजाइन किया गया था। फेसलिफ्ट मॉडल में भी हाई लोकलाइजेशन पर जोर दिया गया है, जिससे ओनरशिप कॉस्ट कम रखने और सर्विस नेटवर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ पियूष अरोड़ा के अनुसार, नई कुशाक मजबूत डिजाइन, उन्नत फीचर्स और बेहतर सेफ्टी के साथ ब्रांड के डीएनए को दर्शाती है। प्रोडक्शन की शुरुआत के साथ ही स्कोडा ने भारत को अपने लिए एक अहम मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है।
गौरतलब है कि 2025 में ग्रुप की रिकॉर्ड 1,17,000 यूनिट्स की बिक्री में कुशाक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब फेसलिफ्ट वर्जन से कंपनी को सेगमेंट में अपनी स्थिति और मजबूत करने की उम्मीद है। फिलहाल प्री-बुकिंग जारी है और कीमतों का खुलासा मार्च में किया जाएगा।

