द लोकतंत्र: देश की राजधानी दिल्ली की मंडोली जेल से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर सलमान त्यागी (Gangster Salman Tyagi Suicide Case) ने कथित तौर पर बेडशीट से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव शनिवार को जेल की सेल के अंदर लटका हुआ मिला। सलमान पश्चिमी यूपी का बड़ा गैंगस्टर माना जाता था और कई बड़े अपराधी गिरोहों से उसका संबंध रहा है।
हाई प्रोफाइल कैदी था सलमान त्यागी
जानकारी के अनुसार, सलमान त्यागी पर हत्या, जबरन वसूली और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज थे। वह मकोका (MCOCA) के तहत मंडोली जेल में बंद था। सूत्रों का कहना है कि सलमान पहले नीरज बवाना गैंग के लिए काम करता था और बाद में उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी संपर्क बढ़ा लिया था।
मौत पर उठे सवाल
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मंडोली जेल एक हाई सिक्योरिटी जेल है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सलमान ने आखिरकार कैसे बेडशीट से फांसी लगाकर खुदकुशी की। अभी तक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस और जेल प्रशासन इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह वाकई आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
परिजनों को दी गई जानकारी
जेल प्रशासन ने सलमान के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दे दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। पुलिस ने जेल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगालने शुरू कर दिए हैं।
जेल में रहकर कराया था हमला
यह पहली बार नहीं है जब सलमान त्यागी खबरों में आया हो। पिछले साल उसने जेल में रहकर ही वेस्ट दिल्ली के दो व्यापारियों पर हमला करवाया था। उस पर आरोप था कि उसने 50 लाख की फिरौती के लिए यह गोलीबारी करवाई थी। यह हमला उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग में जगह बनाने के लिए कराया था।
जांच जारी
फिलहाल दिल्ली पुलिस और जेल प्रशासन मामले की गहन जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि सलमान त्यागी ने खुदकुशी क्यों की और कहीं इसके पीछे कोई गैंगवार या बाहरी दबाव तो जिम्मेदार नहीं है।
गैंगस्टर सलमान त्यागी की आत्महत्या ने जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हाई सिक्योरिटी जेल में इस तरह की वारदात न केवल चौंकाने वाली है, बल्कि जेल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाती है।