द लोकतंत्र: इंडोनेशिया के तट के पास एक भयावह समुद्री दुर्घटना सामने आई है, जिसमें यात्रियों से भरे एक फेरी जहाज में अचानक आग लग गई। इस जहाज का नाम KM Barcelona VA था, जिसमें कुल 280 यात्री सवार थे। घटना रविवार दोपहर 1:30 बजे (स्थानीय समय) की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में यह जहाज पूरी तरह आग की चपेट में नजर आ रहा है और आसमान में काले धुएं का गुबार छाया हुआ है।
इस भयावह दृश्य के बीच घबराए यात्री लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में छलांग लगाते दिखाई दिए। कुछ लोगों को बच्चों के साथ समुद्र में कूदते हुए देखा गया। यात्रियों की मदद के लिए पास में मौजूद अन्य जहाज KM Barcelona III, KM Venecian और KM Cantika Lestari 9F को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
हादसे में हताहतों की संख्या:
इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो चुकी है और 18 लोग घायल हुए हैं। वहीं, कई यात्री अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी खोजबीन जारी है। अधिकारियों के अनुसार, आग तालिस द्वीप के पास लगी थी।
एक वीडियो फुटेज में जहाज का डेक यात्रियों से भरा दिखता है, जहां कर्मचारी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने में मदद करते नजर आ रहे हैं। जहाज का नीला-सफेद ढांचा आग की लपटों में जलकर पूरी तरह काले मलबे में तब्दील हो गया।
मालवाहक जहाज में भी लगी थी आग:
इस घटना के कुछ ही दिन पहले प्रशांत महासागर में ‘द मॉर्निंग मिडास’ (The Morning Midas) नामक एक मालवाहक जहाज भी आग लगने के बाद डूब गया था। इस जहाज पर करीब 3000 गाड़ियां, जिनमें से 800 इलेक्ट्रिक व्हीकल थीं, लदी हुई थीं। अमेरिकन कोस्ट गार्ड द्वारा जारी की गई तस्वीरों में जहाज के पिछले हिस्से से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया था। यह हादसा इतना गंभीर था कि पूरे जहाज और उस पर लदी गाड़ियों को बचाया नहीं जा सका।