द लोकतंत्र: बादाम को सेहत के लिए वरदान माना जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व न केवल दिमाग (Brain Health) को मज़बूत बनाते हैं, बल्कि दिल (Heart), वजन प्रबंधन और ओवरऑल हेल्थ को भी बेहतर बनाने में मदद करते हैं। यही कारण है कि इसे “सुपरफूड” कहा जाता है और भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर में लोग इसे अपनी डाइट में शामिल करते हैं।
विशेषज्ञ मानते हैं कि रोजाना भीगे हुए बादाम खाने या दूध के साथ लेने से बच्चों और बड़ों दोनों को लंबे समय तक फायदा मिलता है। इसमें मौजूद विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट शरीर को मजबूत बनाते हैं और सेल डैमेज से बचाते हैं।
बादाम में पाए जाने वाले पोषक तत्व
हेल्थलाइन के अनुसार बादाम फाइबर, प्रोटीन, हेल्दी फैट, विटामिन ई, मैंगनीज और मैग्नीशियम का बेहतरीन स्रोत है। इसमें फ्लेवोनोइड्स और पॉलीफेनॉल जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं, जो शरीर में बनने वाले फ्री रेडिकल्स से लड़ने का काम करते हैं।
फ्री रेडिकल्स शरीर की कोशिकाओं को नुकसान पहुँचाते हैं और उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज करते हैं। ऐसे में बादाम का सेवन सेल डैमेज रोकने और एंटी-एजिंग में सहायक होता है।
क्या कहती है रिसर्च?
‘द जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ में प्रकाशित एक स्टडी में बताया गया कि रोजाना 60 ग्राम से ज्यादा बादाम खाने से ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम होता है और शरीर के एंटीऑक्सीडेंट लेवल में सुधार आता है। यह सीधे डीएनए प्रोटेक्शन और हेल्दी सेल्स को सपोर्ट करता है।
रिसर्च के अनुसार, स्मोकिंग करने वाले युवाओं को जब 84 ग्राम बादाम रोजाना खिलाया गया, तो उनके डीएनए डैमेज में 28% तक कमी देखी गई। लिपिड पेरोक्सीडेशन 34% तक और डीएनए स्ट्रैंड ब्रेक्स 23% तक कम हो गए। इससे पता चलता है कि बादाम का सेवन हाई-स्ट्रेस कंडीशन में भी सुरक्षा प्रदान करता है।
कितना बादाम खाना फायदेमंद?
विशेषज्ञ कहते हैं कि 60 ग्राम बादाम यानी लगभग 40–45 बादाम रोजाना खाने से शरीर को आवश्यक एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन ई पर्याप्त मात्रा में मिल जाते हैं। हालांकि कम मात्रा में सेवन करने से भी फायदे होते हैं, लेकिन ज्यादा असर दिखाने के लिए सही मात्रा ज़रूरी है।
बादाम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट न केवल एनर्जी बनाए रखते हैं बल्कि कोशिकाओं के लिए कवच का काम भी करते हैं। यह ब्रेन हेल्थ, हार्ट हेल्थ और एंटी-एजिंग के लिए लाभकारी है। हालांकि विशेषज्ञ मानते हैं कि इसके दीर्घकालिक प्रभाव को समझने के लिए और रिसर्च की आवश्यकता है।