द लोकतंत्र: दक्षिण भारत अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध खानपान और शांत जीवनशैली के लिए पूरी दुनिया में लोकप्रिय है। यहां के हिल स्टेशन सैलानियों को हमेशा आकर्षित करते हैं, और इनमें से मुन्नार (Munnar Hill Station) एक बेहतरीन विकल्प माना जाता है। हाल ही में ट्रैवल प्लेटफॉर्म Agoda की रिपोर्ट “Asia’s Top 8 Rural Escapes” में मुन्नार का नाम शामिल हुआ है।
इस सूची में मलेशिया का कैमरून हाइलैंड्स, थाईलैंड का खाओ याई, इंडोनेशिया का पुंचाक, जापान का फ़ुजिकावागिचको, ताइवान का केंटिंग, वियतनाम का सापा और दक्षिण कोरिया का प्योंगचांग भी शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, आजकल सैलानी भीड़-भाड़ वाली जगहों की बजाय प्रकृति से जुड़ी और शांत जगहों पर समय बिताना पसंद कर रहे हैं।
मुन्नार: दक्षिण भारत का स्वर्ग
केरल के इडुक्की जिले में स्थित मुन्नार पश्चिमी घाट की सुंदर पहाड़ियों के बीच बसा है। इसे “साउथ इंडिया का कश्मीर” कहा जाता है। यहां की हरी-भरी वादियां, चाय के बागान और ठंडी हवा यात्रियों को खास अनुभव देती है। रिपोर्ट बताती है कि 15 फरवरी से 15 अगस्त 2025 के बीच किए गए ट्रैवल सर्च के आधार पर मुन्नार ऑफबीट ट्रैवल के लिए शीर्ष विकल्पों में शामिल हुआ।
मुन्नार के पास घूमने की प्रमुख जगहें
एराविकुलम नेशनल पार्क
मुन्नार से लगभग 13 किमी दूर स्थित यह नेशनल पार्क नीलगिरि तहर (पहाड़ी बकरी) की प्रजाति को संरक्षित करने के लिए प्रसिद्ध है। यहां का हरा-भरा परिदृश्य फोटोग्राफी और नेचर लवर्स के लिए परफेक्ट है।
मट्टुपेट्टी डैम और झील
मुन्नार से 13 किमी दूरी पर स्थित मट्टुपेट्टी डैम और झील पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियों और शांत प्राकृतिक वातावरण के लिए प्रसिद्ध है। यहां पिकनिक और फोटोग्राफी का आनंद लिया जा सकता है।
न्यायमकड वॉटरफॉल्स
मुन्नार-कोयंबटूर रोड पर स्थित न्यायमकड गैप में 1600 मीटर की ऊंचाई से गिरते झरने पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यह ट्रैकिंग और पिकनिक प्रेमियों के लिए बेहतरीन जगह है।
इसके अलावा, मुन्नार में इको पॉइंट, पुथांडुव्यू पॉइंट, अनामुडी पीक, वंडर वैली एडवेंचर पार्क और कई अन्य आकर्षण भी मौजूद हैं। परिवार, दोस्तों या सोलो ट्रैवल के लिए मुन्नार एक बेहतरीन डेस्टिनेशन है, जहां शांति और प्राकृतिक सौंदर्य दोनों का अनुभव लिया जा सकता है।