द लोकतंत्र: तिरुपति बालाजी मंदिर केवल धार्मिक दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि घूमने-फिरने वालों के लिए भी एक बेहतरीन लोकेशन है। अगर आप तिरुपति दर्शन के साथ-साथ आसपास की कुछ खूबसूरत और शांत जगहों की सैर करना चाहते हैं, तो यहां हम आपको बताएंगे तिरुपति बालाजी के पास घूमने की कुछ प्रमुख जगहों के बारे में। ये सभी स्थल प्राकृतिक सुंदरता, शांति और ऐतिहासिकता से भरपूर हैं।
महाबलीपुरम (Mahabalipuram):
तमिलनाडु में स्थित महाबलीपुरम, तिरुपति से लगभग 212 किलोमीटर दूर है। यह समुद्र किनारे बसा ऐतिहासिक शहर अपने भव्य मंदिरों और वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। यहां आप महाबलीपुरम बीच, तट मंदिर (Shore Temple), वराह गुफा (Varaha Cave) और प्रसिद्ध कृष्णा का बटरबॉल जैसे दर्शनीय स्थलों का आनंद ले सकते हैं।
हॉर्सले हिल्स (Horsley Hills):
चित्तूर ज़िले में स्थित हॉर्सले हिल्स, एक हिल स्टेशन है जिसे हॉर्सले कोंडा भी कहा जाता है। यह तिरुपति से लगभग 150 किलोमीटर दूर है और ट्रेकिंग, वॉकिंग ट्रेल्स और हरियाली का बेहतरीन मिश्रण प्रस्तुत करता है।
येलागिरी (Yelagiri):
तमिलनाडु के पर्वतीय क्षेत्र येलागिरी, तिरुपति से करीब 220 किलोमीटर दूर स्थित है। ट्रैकिंग प्रेमियों के लिए ये एक आदर्श स्थान है। यहां के प्रमुख आकर्षणों में स्वामीमलाई हिल्स, नेचर पार्क, पुंगनूर झील, जलगमपराई झरना, और येलागिरी मुरुगन मंदिर शामिल हैं।
तालाकोना झरना (Talakona Waterfall):
तिरुपति से 60 किलोमीटर दूर स्थित तालाकोना झरना, आंध्र प्रदेश का सबसे ऊंचा जलप्रपात है। यह झरना श्री वेंकटेश्वर राष्ट्रीय उद्यान में स्थित है, और यह प्रकृति प्रेमियों और पिकनिक के लिए एक आदर्श स्थल है।
श्री वेंकटेश्वर प्राणी उद्यान (Zoological Park):
अगर आप बच्चों या परिवार के साथ घूमने जा रहे हैं तो तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर जूलॉजिकल पार्क भी एक आकर्षक स्थल है। यहां आप हाथी, सफेद बाघ, शेर, मोर और कई दुर्लभ प्रजातियों को नज़दीक से देख सकते हैं।
चंद्रगिरि किला (Chandragiri Fort):
तिरुपति से 35-40 किमी की दूरी पर स्थित यह ऐतिहासिक किला राजा-रानी के महलों और संग्रहालयों के लिए जाना जाता है। यहां की वास्तुकला विजयनगर साम्राज्य की झलक पेश करती है।