द लोकतंत्र/ लखनऊ : भारत रत्न पंडित मदन मोहन मालवीय जी के जन्मदिवस 25 दिसंबर के अवसर पर समाजसेवी संस्था कल्याणम करोति, लखनऊ द्वारा दिव्यांग जनों के सेवार्थ पंजीयन एवं परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक हरि नारायण सावित्री देवी मिनी चैरिटेबल क्लिनिक, दीवानी कचहरी गेट के सामने, लखनऊ रोड पर आयोजित होगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
सहायक उपकरणों के लिए होगा पंजीयन
इस सेवा शिविर के अंतर्गत दिव्यांग जनों के लिए ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी तथा महिलाओं के लिए सिलाई मशीन जैसे सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन किया जाएगा। शिविर में पंजीकृत और पात्र पाए गए दिव्यांग जनों को आगामी 23 जनवरी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती के अवसर पर गोंडा में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान सहायक उपकरणों का वितरण किया जाएगा।
शिविर में बधिर दिव्यांग जनों की जांच ALIMCO (Artificial Limbs Manufacturing Corporation of India) की विशेषज्ञ टीम द्वारा की जाएगी। इसके साथ ही कल्याणम करोति द्वारा संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय, गोंडा के सहयोग से नेत्र परीक्षण की भी समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे दृष्टिबाधित लोगों को समय पर जांच और मार्गदर्शन मिल सके।
रोजगार उन्मुख कार्यक्रम भी होंगे आयोजित
इसके अतिरिक्त, शिविर के दौरान दिव्यांग जनों के लिए रोजगार उन्मुख कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। ALIMCO की टीम द्वारा दिव्यांग व्यक्तियों को स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़े अवसरों की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे केवल सहायक उपकरणों पर निर्भर न रहकर आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
संस्था की ओर से सभी दिव्यांग जनों से अपील की गई है कि वे शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) द्वारा जारी दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड एवं पासपोर्ट साइज फोटो अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं, जिससे पंजीयन की प्रक्रिया सुचारु और पारदर्शी ढंग से पूरी की जा सके। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि विगत तीन वर्षों में जिन दिव्यांग जनों को किसी सरकारी योजना या किसी अन्य NGO के माध्यम से सहायक उपकरण प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें इस कार्यक्रम के अंतर्गत पुनः कोई उपकरण उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।
कल्याणम करोति, लखनऊ द्वारा विगत कई वर्षों से दिव्यांग जनों के पुनर्वास, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। संस्था का मानना है कि सेवा और समर्पण के माध्यम से ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाया जा सकता है। पं. मदन मोहन मालवीय जी की जयंती पर आयोजित यह शिविर उसी विचारधारा को आगे बढ़ाने का एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है।

