द लोकतंत्र/ देवरिया : संसद में प्रस्तुत केंद्रीय Budget 2026-27 को लेकर जिले में सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। जिला तीरंदाजी संघ, देवरिया के महासचिव अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक, सर्वस्पर्शी और दूरदर्शी बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पेश यह बजट देवरिया जैसे कृषि-प्रधान और उभरती खेल प्रतिभाओं वाले जिलों के लिए विकास की नई संभावनाएं लेकर आया है।
अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ के अनुसार, यह बजट सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव, किसान, युवा और खिलाड़ियों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। खासकर पूर्वांचल क्षेत्र के लिए यह बजट विकास, रोजगार और प्रतिभा निखारने का मजबूत आधार बनेगा।
खेल जगत को मिलेगा मजबूत प्लेटफॉर्म
बजट में खेल क्षेत्र के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ अभियान के बजट में बढ़ोतरी और जिला स्तर पर स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर की स्थापना का निर्णय देवरिया के खिलाड़ियों के लिए गेम चेंजर साबित होगा। उन्होंने कहा कि देवरिया में तीरंदाजी समेत कई खेलों में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन अब तक उन्हें उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधनों की कमी महसूस होती थी। स्पोर्ट्स एक्सीलेंस सेंटर की स्थापना से खिलाड़ियों को वैज्ञानिक ट्रेनिंग, आधुनिक उपकरण और अनुभवी कोच मिल सकेंगे, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
किसानों और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत
अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ ने कहा कि बजट में घोषित डिजिटल एग्री-मिशन से देवरिया के गन्ना किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। तकनीक आधारित खेती से उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, लागत घटेगी और किसानों की आय में स्थायी वृद्धि होगी।
उन्होंने ₹4 लाख तक की आय को टैक्स फ्री किए जाने और नए टैक्स स्लैब को मध्यम वर्ग, शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत बताया। साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रिकॉर्ड ₹12.2 लाख करोड़ के निवेश से पूर्वांचल की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, जिससे देवरिया का आर्थिक और सामाजिक विकास तेज होगा।
स्वास्थ्य सुरक्षा और डिजिटल युवा पर फोकस
आयुष्मान भारत योजना के विस्तार को सराहनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़ा सहारा देगी। वहीं स्कूलों में कंटेंट क्रिएटर लैब्स की स्थापना से युवा डिजिटल स्किल्स सीखकर आत्मनिर्भर बनेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
अंत में अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ ने कहा, यह बजट ‘विरासत भी, विकास भी’ के विचार को साकार करता है। यह देवरिया के किसान, युवा और खिलाड़ियों की आकांक्षाओं को समझने और उन्हें आगे बढ़ाने वाला बजट है। उन्होंने देवरिया की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 आने वाले वर्षों में देवरिया की प्रगति और खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने वाला साबित होगा।

