द लोकतंत्र/ राबी शुक्ला : जिले के जर्जर और उपेक्षित बस स्टेशन की दशा को लेकर अब जनआंदोलन का रूप आकार लेने लगा है। समाजवादी पार्टी के यूथ फ्रंटल संगठनों, समाजवादी युवजन सभा, लोहिया वाहिनी, यूथ ब्रिगेड और छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को देवरिया बस स्टेशन परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान करीब 500 यात्रियों ने हस्ताक्षर कर इस मांग का समर्थन किया कि बस स्टेशन का जल्द से जल्द पुनर्निर्माण कराया जाए।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष रणवीर यादव ने कहा कि, देवरिया डिपो से सरकार को हर महीने करीब 6 करोड़ रुपये की आमदनी होती है और रोज़ाना 10 हज़ार से अधिक यात्री यहां से सफर करते हैं। इसके बावजूद बस स्टेशन पर न छाया है, न शौचालय की समुचित व्यवस्था। यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और उसके जनप्रतिनिधि केवल झूठे वादों और दिखावे में व्यस्त हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कुछ नहीं हो रहा।



यह भी पढ़ें : भीषण गर्मी में यात्रियों के हिस्से टीन की छत और तपती ज़मीन, शर्म कहें या शासन?
समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष दिव्यांश श्रीवास्तव ने भी प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, देवरिया के जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। जो भी वादे होते हैं वे सिर्फ कागज़ों और प्रचार तक ही सीमित हैं। भाजपा के प्रभारी मंत्री ने बस स्टेशन को मल्टी-स्पेशलिटी मॉडल में बदलने का वादा किया था, लेकिन आज की स्थिति देखकर लगता है कि वह दावा भी केवल एक चुनावी जुमला था।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बस स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो समाजवादी कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे और सड़क से सदन तक इस मुद्दे को उठाया जाएगा।
इस हस्ताक्षर अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
खुर्शीद आलम अंसारी (जिलाध्यक्ष, यूथ ब्रिगेड), मनोज यादव (जिलाध्यक्ष, छात्र सभा), विजय रावत (सपा नेता), एन.पी. यादव (जिला उपाध्यक्ष, सपा), दिनेश यादव, लारेब रहमान, हरिकेवल यादव, गिरीश जायसवाल, विकास यादव, अनीस कुशवाहा, संजीव मोदनवाल, सूरज यादव, मनीष सिंह सैथवार, संदीप, अभिषेक, काका, मनोज कुशवाहा आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।