द लोकतंत्र/ देवरिया : देवरिया के श्रीनेत ग्लोबल स्कूल, कन्हौली में आयोजित प्रदेश स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता (अंडर-10 एवं अंडर-13) का भव्य समापन हुआ। यह प्रतियोगिता जिला तीरंदाजी संघ, देवरिया द्वारा आयोजित की गई थी, जो उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से 200 से अधिक नन्हे तीरंदाजों ने भाग लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से तीरंदाजी के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को सामने लाया।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में तीरंदाजी के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना था। देवरिया के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। खासकर अंडर-10 और अंडर-13 श्रेणी में कई खिलाड़ियों ने स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर अपने कोच और जिले का गौरव बढ़ाया।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने बढ़ाई प्रतियोगिता की गरिमा
प्रतियोगिता के दौरान उत्तर प्रदेश तीरंदाजी संघ के संयुक्त सचिव आचार्य वेद कुमार और योगेंद्र सिंह राणा के कुशल निर्देशन में प्रतियोगिता का संचालन हुआ। इस अवसर पर कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें पूर्व ओलंपियन एवं द्रोणाचार्य अवॉर्डी संजीव सिंह, उत्तर प्रदेश की पहली महिला ओलंपियन सुश्री सुमंगला शर्मा, जिला तीरंदाजी संघ, देवरिया के अध्यक्ष श्री नीरज मणि, कोषाध्यक्ष श्री संजय कनोड़िया और संयुक्त सचिव श्री अमरेश द्विवेदी ‘बजरंगी’ शामिल थे। उनकी प्रेरक उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।
नन्हे तीरंदाजों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता के प्रमुख परिणामों में अंडर-10 इंडियन राउंड (गर्ल्स) में रूपल राव (गोरखपुर) ने स्वर्ण, ध्रुवी शर्मा (गौतम बुद्ध नगर) ने रजत और आरोही (देवरिया) ने कांस्य पदक जीता। वहीं, अंडर-10 इंडियन राउंड (बॉयज टीम) में मेरठ की टीम (ध्रुव, दीपांशु, कृष्णा) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि बागपत (हिमालया, रघुवंश, अहमद) को रजत और कानपुर देहात (अभिनव, समीर, अयांश) को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
महासचिव अभिषेक पाण्डेय रूपक ने दी बधाई
इस अवसर पर जिला तीरंदाजी संघ, देवरिया के महासचिव अभिषेक पाण्डेय रूपक ने कहा, श्रीनेत ग्लोबल स्कूल में आयोजित यह प्रतियोगिता देवरिया के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। हमारे नन्हे तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम ऊंचा किया है। हमारा लक्ष्य तीरंदाजी को जन-जन तक पहुंचाना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवरिया का नाम रोशन करना है।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पदक, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन की सफलता में जिला प्रशासन, स्थानीय खेल अधिकारी, श्रीनेत ग्लोबल स्कूल प्रबंधन, प्रायोजक और स्वयंसेवकों का अहम योगदान रहा। जिला तीरंदाजी संघ ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में और भी बड़े आयोजनों की घोषणा की।