द लोकतंत्र/ देवरिया डेस्क : देवरिया जनपद के बतरौली पाण्डेय गांव में स्वर्गीय विद्यासागर पाण्डेय की 15वीं पुण्यतिथि और नववर्ष के अवसर पर मानवता और सेवा की मिसाल पेश की गई। इस अवसर पर अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ के नेतृत्व में एक विशाल स्वास्थ्य मेला एवं कंबल वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कड़ाके की ठंड के बीच जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस शिविर में कुल 603 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें मुफ्त परामर्श और दवाइयां दी गईं, जबकि 480 असहाय और जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
सीएमओ ने किया स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन
स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन देवरिया के मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनिल गुप्ता ने फीता काटकर किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि स्व. विद्यासागर पाण्डेय की स्मृति में इस तरह के सेवा कार्य समाज को सकारात्मक दिशा देते हैं और जरूरतमंदों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय पर इलाज और जागरूकता प्रदान करने में बेहद उपयोगी साबित होते हैं।
कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही। उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अश्वनी पाण्डेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गंगा कुशवाहा, विश्व भोजपुरी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष गिरिजेश मिश्र और भाजपा बैकुंठपुर मंडल अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने कार्यक्रम में शिरकत कर आयोजन की प्रशंसा की। सभी अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज के कमजोर वर्ग के लिए आशा और सहयोग का माध्यम बनते हैं।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी निःशुल्क सेवाएं
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। हड्डी, जोड़ और नस रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी, आर्थो सर्जन डॉ. केशव प्रसाद, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेन्द्र कुमार नवीन, महिला चिकित्साधिकारी डॉ. प्रीति पाण्डेय, नेत्र परीक्षण अधिकारी पूरुषोत्तम पासवान सहित अन्य चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। इसके अलावा एनएमएमयू (मोबाइल मेडिकल यूनिट) और आरबीएसके (RBSK) की टीमों ने भी शिविर में सक्रिय भूमिका निभाई, जिससे बच्चों और महिलाओं को विशेष लाभ मिला।
मेले में आयुष्मान भारत योजना का विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जहां लोगों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को योजना से जुड़ने और उसका लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। कई ग्रामीणों ने पहली बार इन योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी मिलने पर संतोष व्यक्त किया।
सेवा को बताया सच्ची श्रद्धांजलि
कड़ाके की ठंड को देखते हुए कंबल वितरण कार्यक्रम इस आयोजन का अहम हिस्सा रहा। 480 जरूरतमंदों को कंबल देकर उन्हें सर्दी से राहत देने का प्रयास किया गया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यह पहल उनके लिए बड़ी मदद साबित हुई है। आयोजक अभिषेक पाण्डेय ‘रूपक’ ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. विद्यासागर पाण्डेय के आदर्शों पर चलना ही इस आयोजन का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य लगातार किए जाएंगे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को यादगार बना दिया और यह संदेश दिया कि समाज जब एकजुट होकर सेवा करता है, तो उसका असर दूर तक जाता है।

