द लोकतंत्र/ देवरिया : जनपद देवरिया के ग्राम खरवनिया (पिंडी) निवासी अग्निवीर जवान अश्विनी कुमार के असामयिक निधन से पूरे जिले में शोक की लहर व्याप्त है। अग्निवीर योजना के अंतर्गत भारतीय सेना की 15 राजपूत रेजिमेंट में सेवाएं दे रहे अश्विनी कुमार का उपचार के दौरान सेना के चिकित्सालय में दुखद निधन हो गया। जैसे ही उनके निधन की सूचना गांव और जिले में पहुंची, हर कोई स्तब्ध रह गया और क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
दिवंगत जवान का पार्थिव शरीर जब उनके गृह ग्राम पहुंचा, तो पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पर एकत्र हुए। देश सेवा में जुटे एक युवा सैनिक की असमय विदाई ने सभी की आंखें नम कर दीं। इस अवसर पर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल स्वयं दिवंगत जवान के आवास पहुंचीं और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। जिलाधिकारी की मौजूदगी ने परिजनों को भावनात्मक संबल प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्र सेवा में दिवंगत जवान अश्विनी कुमार का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए समर्पित ऐसे वीर सपूतों का बलिदान कभी व्यर्थ नहीं जाता और उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है।
उन्होंने बताया कि शासन एवं सक्षम प्राधिकारों द्वारा निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के अनुसार दिवंगत जवान के परिवार के हित में सभी आवश्यक कार्यवाहियां समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी। अनुग्रह राशि, सहायता और अन्य औपचारिकताओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिए गए हैं, ताकि परिवार को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

