द लोकतंत्र: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में निक्की दहेज हत्या कांड का मुख्य आरोपी और पति विपिन पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया है। पुलिस के मुताबिक, मेडिकल के लिए ले जाते समय उसने भागने की कोशिश की और पुलिस का हथियार छीनने की कोशिश भी की। इसी दौरान सिरसा चौराहे के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस ने विपिन के पैर में गोली मारी और उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी विपिन को कानूनी कार्रवाई के बाद मेडिकल के लिए ले जाया जा रहा था। तभी उसने पुलिस कस्टडी से फरार होने का प्रयास किया और हथियार छीनने की कोशिश की। इसके बाद कासना SHO ने एनकाउंटर किया, जिसमें गोली विपिन के पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ये भी पढें: Greater Noida Dowry Death: दहेज में Scorpio और Bullet मिलने के बाद भी नहीं बचा पाई जान, निक्की को जिंदा जलाया
निक्की हत्याकांड
गौरतलब है कि 21 अगस्त को विपिन ने अपनी पत्नी निक्की को जिंदा जलाकर मार डाला था। आरोप है कि इस वारदात में उसकी मां और अन्य परिवारजन भी शामिल थे। निक्की की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पति, सास, ससुर और जेठ समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था, क्योंकि निक्की की मौत उसके मासूम बेटे के सामने हुई थी। बच्चे ने बताया था कि उसके पिता ने लाइटर से उसकी मां को आग लगाई।