द लोकतंत्र: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। निक्की को कथित तौर पर उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर जिंदा जला दिया। यह मामला अब पुलिस जांच के घेरे में है, जबकि स्थानीय लोग और निक्की का मायका पक्ष अपने-अपने तर्क सामने रख रहे हैं।
सोशल मीडिया रील्स और परिवार में तनाव
पड़ोसियों का दावा है कि निक्की और उसकी बहन कंचन अपने घर पर ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और इंस्टाग्राम पर मेकओवर से जुड़ी रील्स पोस्ट करती थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके पति विपिन और रोहित भाटी को यह गतिविधियां बिल्कुल पसंद नहीं थीं और इसको लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था।
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि 11 मार्च को इसी मुद्दे पर निक्की, कंचन और उनके पतियों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद दोनों बहनें मायके चली गईं लेकिन 18 मार्च को पंचायत के फैसले के बाद वे फिर से ससुराल लौट आईं। पंचायत में यह शर्त रखी गई थी कि दोनों बहनें आगे रील्स नहीं बनाएंगी। हालांकि कुछ दिनों बाद उन्होंने फिर से सोशल मीडिया पर एक्टिव रहना शुरू कर दिया, जिससे तनाव और बढ़ गया।
निक्की के परिवार का दावा: दहेज ही वजह
वहीं, निक्की के पिता भिकारी सिंह ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया और कहा कि उनकी बेटी की हत्या का कारण केवल दहेज था। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया या ब्यूटी पार्लर की वजह से कोई विवाद नहीं था। निक्की का भाई अतुल भी यही आरोप दोहराते हुए कहता है कि आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई और बेटी ऐसी स्थिति का शिकार न हो।
अतुल ने सवाल उठाया कि अगर विवाद केवल सोशल मीडिया को लेकर था, तो निक्की के जलने के बाद उसे अस्पताल ले जाने की बजाय आरोपी भाग क्यों गए? उन्होंने कहा कि यह साफ तौर पर दहेज हत्या का मामला है।
जांच जारी, आरोपियों पर शिकंजा
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निक्की के पति विपिन पर पहले भी कई गंभीर आरोप लगे थे। घटना के बाद जब वह भागने की कोशिश कर रहा था, तो पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। परिजनों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान भी विपिन को कोई पछतावा नहीं था।
समाज में गूंज उठा मामला
निक्की की हत्या ने एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है और अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और अदालत के फैसले पर टिकी हैं।