कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी और शव को सूटकेस में भरकर यमुना नदी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी युवक और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है, हालांकि अब तक मृतका का शव बरामद नहीं हो सका है।
घटना कानपुर देहात के सुजनीपुर गांव की 20 वर्षीय आकांक्षा उर्फ माही से जुड़ी है। आकांक्षा बर्रा स्थित एक रेस्टोरेंट में काम करती थी, जहां इंस्टाग्राम के जरिए उसकी दोस्ती फतेहपुर के हरीखेड़ा गांव निवासी सूरज उत्तम से हुई। दोनों के बीच नज़दीकियां बढ़ीं और तीन महीने पहले आकांक्षा ने सूरज के कहने पर नया काम ज्वाइन किया। इसके बाद दोनों ने हनुमंत विहार इलाके में किराए का मकान लेकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई की रात आकांक्षा को सूरज के किसी अन्य युवती से संबंधों की जानकारी मिली। इस पर दोनों में तीखी बहस हुई, जो हाथापाई में बदल गई। गुस्से में सूरज ने आकांक्षा का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने अपने दोस्त आशीष को बुलाया। दोनों ने शव को सूटकेस में भरकर बाइक से चिल्ला पुल पहुंचे और यमुना नदी में फेंक दिया।
हत्या के बाद सूरज ने आकांक्षा के मोबाइल से उसके परिवार को भ्रामक संदेश भेजे, ताकि वे सोचें कि वह सुरक्षित है। उसने मोबाइल को ट्रेन में छोड़ दिया, ताकि पुलिस तक उसकी लोकेशन न पहुंचे। जब कई दिनों तक आकांक्षा से परिवार का संपर्क नहीं हुआ, तो उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
शुरुआत में मामला अपहरण का लग रहा था, लेकिन 1090 वूमेन हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद हनुमंत विहार थाने में अपहरण का मुकदमा लिखा गया। जांच के दौरान कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगालने पर पुलिस को सूरज पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में सूरज ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे और आशीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
फिलहाल पुलिस नदी में शव की तलाश कर रही है। यह वारदात लिव-इन रिलेशनशिप में बढ़ते अपराध और सोशल मीडिया के जरिए बने रिश्तों की जटिलताओं पर भी सवाल खड़े करती है।

