द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण धमाके के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। इस घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल बताए जा रहे हैं।
स्थिति को गंभीर देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लगातार दो उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकें कीं। पहली सुबह और दूसरी दोपहर में। इन बैठकों में गृह सचिव, एनआईए डीजी, इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात भी ऑनलाइन बैठक से जुड़े।
एक-एक दोषी को खोजकर अंजाम तक पहुंचाया जाएगा – अमित शाह
अमित शाह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस कृत्य में शामिल एक-एक दोषी को खोजकर अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस आतंकी साजिश में शामिल व्यक्तियों और सहयोगियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गृह मंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।
गृह मंत्रालय ने घटना की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है, जिससे यह संकेत मिला है कि केंद्र इस धमाके को आतंकवादी घटना के रूप में देख रहा है। एनआईए, दिल्ली पुलिस, फोरेंसिक टीम और इंटेलिजेंस एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में UAPA के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दिल्ली और हरियाणा में कई जगहों पर छापेमारी की है। जांच में सामने आया है कि कार चालक का फरीदाबाद स्थित एक संदिग्ध मॉड्यूल से संबंध था, जिसकी गतिविधियों पर पहले भी एजेंसियों की निगरानी रही है।
राजधानी दिल्ली समेत देशभर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है
धमाके के बाद राजधानी दिल्ली समेत देशभर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। लाल किले और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी प्रमुख स्थानों रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, एयरपोर्ट और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में चौकसी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध लोगों की तलाश जारी है।
अमित शाह ने कहा कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियां पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ खड़ी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो लोग इस घटना के पीछे हैं, उन्हें किसी भी हाल में छोड़ा नहीं जाएगा। यह मामला केवल सुरक्षा चुनौती ही नहीं बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और शांति पर हमला है, जिसका जवाब सख्त और निर्णायक होगा।

