द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : बेगूसराय से सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने हाल ही में आई लव मुहम्मद बनाम आई लव महाकाल विवाद पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों नेता देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं। मीडिया से बातचीत में गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को नेपो किड बताते हुए परिवारवाद की राजनीति का करारा हमला किया।
राहुल और तेजस्वी समाज को बांटने की कोशिश कर रहे
गिरिराज सिंह ने कहा कि अगर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बड़े बाप के बेटे नहीं होते, तो मोहल्ले के लोग भी इन्हें नहीं पहचानते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने पहले भी लेह से लेकर मणिपुर तक हिंसा और आगजनी को बढ़ावा दिया था। अब वही नेता आई लव मुहम्मद और आई लव महाकाल जैसे विवादों को हवा देकर समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री ने साफ तौर पर कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव देश में शांति और स्थिरता को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने नेपाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जो घटनाएं हुईं, उसी तर्ज पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव भारत में भी आग लगाना चाहते हैं। गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि लेह में जो उपद्रव हुआ, उसमें भी इन नेताओं की भूमिका रही।
राहुल गांधी ‘अर्बन नक्सल’ हैं
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी को ‘अर्बन नक्सल’ करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी असदुद्दीन ओवैसी और महबूबा मुफ्ती जैसे नेताओं के साथ मिलकर देश में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि आई लव मुहम्मद विवाद भी इसी साजिश का हिस्सा है, क्योंकि राहुल गांधी अब जनता से कट चुके हैं और इस तरह के मुद्दों से खुद को प्रासंगिक बनाए रखना चाहते हैं।
इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी पर विदेश प्रेम का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शायद राहुल गांधी को भारत से ज्यादा विदेशों से लगाव है। यही वजह है कि वह विदेशी अखबारों और मंचों पर जाकर भारत का अपमान करने से भी पीछे नहीं हटते। गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि राहुल गांधी की राजनीति का मकसद देश को कमजोर करना और समाज में आग लगाना है।