द लोकतंत्र/ अहमदाबाद : अहमदाबाद में संस्कारधाम, घूमा में आयोजित मेगा म्यूजिकल मल्टीमीडिया शो ‘Namotsav’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, विचारों, कार्य संस्कृति और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को मंच पर जीवंत कर दिया। गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार यह आयोजन (Namotsav Mega Show) केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता, सामर्थ्य और संकल्प की प्रेरणादायी यात्रा है।
इस भव्य इवेंट में जाने-माने कलाकार सैराम दवे समेत 150 कलाकारों ने प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, कई मंत्री, सांसद और हजारों दर्शक मौजूद रहे।
मोदी साधारण नहीं, राष्ट्र निर्माता नेता
अमित शाह ने कहा कि ‘Namotsav’ उस नेता के जीवन का परिचय है जिसने 11 वर्षों में 140 करोड़ भारतीयों के भीतर विश्व नंबर-1 भारत का विश्वास जगाया है। उन्होंने कहा कि यह आत्मविश्वास संकल्प, योजना और कार्यशैली से आता है। “नरेंद्र मोदी साधारण नेता नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति वाले ऐसे व्यक्तित्व हैं जिन्होंने परिश्रम, ईमानदारी और पारदर्शिता से देश का भविष्य बदला,” शाह ने कहा। उन्होंने बताया कि गरीबी से उठकर विश्व के 29 देशों द्वारा सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वाले नरेंद्र मोदी आज हर भारतीय के गर्व का प्रतीक हैं।
अमित शाह ने भाषण में मोदी शासन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले 11 सालों में 27 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला गया, 81 करोड़ नागरिकों को मुफ्त खाद्यान्न सुरक्षा, 11 करोड़ से अधिक गैस कनेक्शन, 15 करोड़ शौचालय, 10 करोड़ घरों को नल से जल, 56 करोड़ खातों का बैंकिंग कनेक्शन, और 4 करोड़ से अधिक परिवारों को घर मिले हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने अपने लिए कुछ नहीं बनाया, लेकिन करोड़ों गरीबों के लिए घर बनाकर कार्य नीति और नेतृत्व का श्रेष्ठ उदाहरण दिया है।
अमित शाह ने गिनाए मोदी कार्यकाल के बड़े फैसले
गुजरात में 2001 से मुख्यमंत्री के रूप में मोदी के काम को याद करते हुए शाह ने कहा कि ज्योतिग्राम योजना ने गांवों को 24 घंटे बिजली दी और गुजरात विकास मॉडल पूरे देश के लिए प्रेरणा बना। उन्होंने आगे कहा कि राम मंदिर निर्माण, अनुच्छेद 370 हटाना, आतंक पर निर्णायक कार्रवाई, भारत का दुनिया की चौथी और तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना, तथा डिजिटल सिस्टम में विश्व नेतृत्व– ये सभी दृढ़ संकल्प और स्पष्ट विज़न के परिणाम हैं।
अमित शाह ने कहा कि Namotsav नयी पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, सेवा भाव और जीवन मूल्यों का संचार करेगा। उन्होंने आयोजकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम सिर्फ तीन दिवसीय आयोजन नहीं बल्कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा स्थापित मानकों को समझने और अपनाने की प्रेरणात्मक यात्रा है। इस अवसर पर ICC चेयरमैन जय शाह, मंत्री ऋषिकेश पटेल, राज्य मंत्री रिवाबा जडेजा, दर्शन वाघेला, सांसद परिमल नाथवानी, BJP शहर अध्यक्ष प्रेरक शाह समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

