द लोकतंत्र/ नोएडा : देश की जनता को हाल के दिनों में GST दरों में कटौती के जरिए बड़ी राहत मिली है। नई दरें सोमवार, 22 सितंबर 2025 से लागू हो गईं। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए और खुशखबरी दी। पीएम मोदी ने संकेत दिया कि आने वाले समय में टैक्स और कम किए जाएंगे, जिससे आम जनता और कारोबारियों को सीधा लाभ मिलेगा।
पीएम मोदी बोले – 2014 से अब तक टैक्स का बोझ कम हुआ
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले टैक्स की स्थिति बेहद कठिन थी। उस समय 1 लाख रुपये की खरीदारी पर लोगों को करीब 25 हजार रुपये तक का टैक्स देना पड़ता था। लेकिन आज वही टैक्स घटकर मात्र 5 से 6 हजार रुपये तक रह गया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की निरंतर कोशिशों का नतीजा है कि लोगों की आय और बचत दोनों में इजाफा हुआ है।
उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि 2014 से पहले की अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए विपक्ष जनता से झूठ बोल रहा है। लेकिन सच्चाई यह है कि आज आम आदमी की जेब पर टैक्स का बोझ पहले से काफी कम हो चुका है।
टैक्स और घटाने का वादा
पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि यह सिलसिला यहीं खत्म नहीं होगा। जैसे-जैसे भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, टैक्स दरें और कम की जाएंगी। उन्होंने कहा कि GST सुधारों की प्रक्रिया लगातार चलती रहेगी। हमारा लक्ष्य है कि भारत के लोगों की जेब में ज्यादा से ज्यादा बचत हो।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी दोहराया। उन्होंने कहा कि भारत जैसा विशाल देश अब अपने विकास के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रह सकता। उन्होंने कहा कि “भारत आत्मनिर्भरता के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है। आगामी दशक में आत्मनिर्भरता हमारी नींव को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी जोड़ा कि दुनिया अनिश्चितता और चुनौतियों का सामना कर रही है, लेकिन इसके बावजूद भारत तेजी से विकास कर रहा है। यह भारत की नीतियों और सुधारों का परिणाम है।
आम जनता और व्यापारियों को सीधा लाभ
GST दरों में हाल की कटौती का फायदा सीधे तौर पर आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को होगा। घरेलू सामान से लेकर कई सर्विस सेक्टर तक की लागत कम हो जाएगी, जिससे बाजार में रौनक बढ़ने की उम्मीद है। पीएम मोदी के संकेत के बाद अब लोगों को आने वाले दिनों में टैक्स और घटने की संभावना को लेकर उत्साह है।