द लोकतंत्र/ रायपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (17 सितंबर) अपना 75वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर देश-दुनिया के नेताओं ने उन्हें बधाइयाँ दीं। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस दिन को ‘सेवा पखवाड़ा’ के रूप में मनाने का ऐलान किया है, जिसके तहत अगले दो हफ्तों तक पूरे देश में सेवा, स्वच्छता और लोककल्याण से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी पीएम मोदी के जन्मदिन पर भव्य आयोजन हो रहे हैं। महादेव घाट पर समरसता महाआरती, स्वच्छता अभियान, आवास और लोककल्याण से जुड़े उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मंत्रीगण, सांसद, विधायक, महापौर और भाजपा के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भाजपा महिला मोर्चा और सनातन ध्वज वाहिनी ने भी विशेष आयोजन की तैयारी की है।
सीएम विष्णुदेव साय ने पीएम मोदी को दी शुभकामनाएँ
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें कुशल संगठनकर्ता, अद्भुत प्रशासक और वैश्विक नेता बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में विश्वास और विकास का जो माहौल बना है, वह मोदी जी की नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है।
साय ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी मां भारती के वैभव को पुनः स्थापित कर भारत की छवि को विश्व शिखर तक पहुँचा रहे हैं। आपका जीवन तपस्या है, आपकी सोच भारत को विश्वगुरु बनाने का संकल्प है और आपका कर्म राष्ट्र निर्माण का पथदर्शक है। आप निरंतर प्रेरणास्त्रोत बने रहें, यही मंगलकामना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में सेवा, समरसता और विकास के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत ही नहीं, छत्तीसगढ़ भी नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ रहा है, और यह जन्मदिन सभी के लिए नई ऊर्जा व प्रेरणा लेकर आया है।