Advertisement Carousel
National

राज्यसभा चुनाव 2026: 10 राज्यों की 37 सीटों पर 16 मार्च को मतदान, चुनाव आयोग ने जारी किया कार्यक्रम

Rajya Sabha Elections 2026: Voting for 37 seats in 10 states on March 16, Election Commission releases schedule

द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : भारत में संसदीय राजनीति की दिशा तय करने वाले उच्च सदन राज्यसभा के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने अप्रैल 2026 में कार्यकाल पूरा कर रहे सदस्यों की सीटों पर राज्यसभा चुनाव कराने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस बार देश के 10 राज्यों की कुल 37 सीटों पर मतदान होगा। अधिसूचना 26 फरवरी 2026 को जारी की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक संपन्न कर ली जाएगी।

चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार नामांकन की अंतिम तिथि 5 मार्च 2026 तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 मार्च 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी।

यह चुनाव महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सीटों के लिए होगा। राजनीतिक दलों ने संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मंथन तेज कर दिया है, जिससे राज्यों में सियासी हलचल बढ़ गई है।

किन राज्यों में कितनी सीटें और कौन-कौन सदस्य हो रहे हैं सेवानिवृत्त

अप्रैल 2026 में जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें कई बड़े राजनीतिक नाम शामिल हैं। महाराष्ट्र से डॉ. भगवत कराड, प्रियंका चतुर्वेदी, शरद पवार और रामदास अठावले जैसे प्रमुख चेहरे रिटायर हो रहे हैं। तमिलनाडु से तिरुची सिवा, कनिमोझी और जीके वासन का कार्यकाल समाप्त होगा। पश्चिम बंगाल से साकेत गोखले और मौसम नूर जैसे सदस्य रिटायर होंगे।

बिहार से हरिवंश नारायण सिंह, उपेंद्र कुशवाहा और प्रेम चंद गुप्ता की सीटें खाली होंगी, जबकि ओडिशा से ममता मोहंता और सुजीत कुमार का कार्यकाल पूरा होगा। असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना से भी कई सांसद अप्रैल में सेवानिवृत्त होंगे।

राज्यसभा चुनाव में मतदान संबंधित राज्य की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य करते हैं। इसलिए इन चुनावों में राज्यों की राजनीतिक गणित और दलों की विधानसभा में ताकत बेहद अहम होती है। कई राज्यों में समीकरण बदले हैं, जिससे कुछ सीटों पर मुकाबला दिलचस्प हो सकता है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह चुनाव आगामी लोकसभा चुनाव से पहले दलों की रणनीतिक स्थिति को मजबूत करने का अवसर भी है। अब सभी की निगाहें 26 फरवरी को जारी होने वाली अधिसूचना और उसके बाद घोषित होने वाले उम्मीदवारों पर टिकी हैं।

यह भी पढ़ें : लखनऊ में कांग्रेस का विधानसभा घेराव, मनरेगा और रोजगार मुद्दे पर प्रदर्शन, पुलिस से हल्की झड़प

Team The Loktantra

Team The Loktantra

About Author

लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां स्वतंत्र विचारों की प्रधानता होगी। द लोकतंत्र के लिए 'पत्रकारिता' शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। हम इसे 'प्रोफेशन' के तौर पर नहीं देखते बल्कि हमारे लिए यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही से पूर्ण एक 'आंदोलन' है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Sanjay Singh AAP
National

राज्यसभा सांसद संजय सिंह क्यों हुए निलंबित, क्या है निलंबन के नियम

द लोकतंत्र : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सोमवार को उच्च सदन (राज्यसभा) में हंगामा और
HSBC
National

HSBC की रिपोर्ट में महंगाई का संकेत, 5 फीसदी महंगाई दर रहने का अनुमान

द लोकतंत्र : HSBC की रिपोर्ट में महंगाई के संकेत मिले हैं। एचएसबीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि गेहूं