द लोकतंत्र/ लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। इस दौरान उन्होंने सपा की बागी और निष्कासित विधायक पूजा पाल का जिक्र करते हुए विपक्ष को कठघरे में खड़ा कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूजा पाल आपकी पार्टी की सदस्य थीं, लेकिन समाजवादी पार्टी उन्हें न्याय नहीं दिला पाई, क्योंकि उस समय माफिया और गुंडों के सामने झुकना आपकी मजबूरी थी।
सीएम योगी ने विधानसभा में कहा कि उस दौर में गरीब और पीड़ितों को न्याय दिलाने की हिम्मत समाजवादी पार्टी में नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में यह नहीं देखा जाएगा कि पीड़ित किस दल या किस विचारधारा से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा कि बेटी इस पक्ष की हो या उस पक्ष की, उसे हर हाल में न्याय मिलेगा।
क्या पूजा पाल पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का हिस्सा नहीं थीं
मुख्यमंत्री योगी ने सवाल उठाया कि क्या पूजा पाल पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का हिस्सा नहीं थीं। अगर थीं, तो फिर उन्हें न्याय क्यों नहीं मिला? उन्होंने कहा कि प्रदेश के हर नागरिक की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा, चाहे वह कितना ही प्रभावशाली क्यों न हो, कानून तोड़ने या कब्जा करने की कोशिश की जाएगी तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सीएम योगी ने यह भी कहा कि उन्होंने स्वयं विजमा यादव को बुलाकर सुरक्षा देने की बात कही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान सरकार में पीड़ित को न्याय और सुरक्षा दोनों दी जाएगी, चाहे मामला किसी भी राजनीतिक खेमे से जुड़ा हो। समाजवादी पार्टी पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सपा पूरी तरह तितर-बितर हो चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में अराजकता का ऐसा तांडव हुआ कि उत्तर प्रदेश पहचान के संकट से जूझने लगा था। मुख्यमंत्री ने सवाल किया कि उस दौर की अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार कौन था, यह प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है।
आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल : सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ ने मौजूदा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 22 एक्सप्रेस-वे, देश का सबसे बड़ा रेलवे नेटवर्क, कई मेट्रो सिटी, और जल्द ही जेवर एयरपोर्ट के संचालन से यूपी की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। इसके अलावा देश का पहला वाटरवे भी उत्तर प्रदेश में संचालित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति से होता है। उन्होंने सपा पर तंज कसते हुए कहा कि जब अहंकार हावी हो जाता है तो लोग कहते हैं कि मैंने ये कर दिया, मैंने वो कर दिया। लेकिन 2017 से पहले उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के कारण पहचान के संकट से गुजर रहा था।

