द लोकतंत्र/ लखनऊ : उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण विधायकों की बैठक का मुद्दा अब खुलकर बीजेपी संगठन तक पहुंच गया है। पार्टी हाईकमान ने अब ब्राह्मण बैठक पर नाराजगी जताई है और प्रदेश नेतृत्व ने सीधे सख्त संदेश जारी किया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बयान देते हुए कहा कि पार्टी जाति या समुदाय के आधार पर राजनीति नहीं करती और ऐसी गतिविधियां भाजपा की कार्यशैली के खिलाफ हैं। उन्होंने संबंधित विधायकों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो कार्रवाई तय है।
भाजपा परिवार, जाति या वर्ग आधारित राजनीति नहीं करती
जानकारी के मुताबिक विधानसभा सत्र के बीच कथित रूप से ब्राह्मण विधायकों की बैठक और विशेष भोज का आयोजन हुआ था, जिसमें समाज विशेष के मुद्दों पर चर्चा की गई। इस पूरे मामले को पार्टी ने गंभीरता से लिया और तुरंत संबंधित जनप्रतिनिधियों से बात की। प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा, भाजपा परिवार, जाति या वर्ग आधारित राजनीति नहीं करती। ऐसी गतिविधियां समाज में गलत संदेश देती हैं और पार्टी की मर्यादा से मेल नहीं खातीं।
चौधरी ने आगे कहा कि बीजेपी विकास और राष्ट्र निर्माण को केंद्र में रखकर काम करती है, जबकि विपक्ष जातिगत राजनीति में उलझा हुआ है। उन्होंने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में सपा, बसपा और कांग्रेस जैसी पार्टियां आज भी जाति पहचान पर राजनीति कर रही हैं, इसलिए उनका भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। वहीं भाजपा ने जनहित, सुशासन और राष्ट्रीय एजेंडा पर जनता का भरोसा जीता है। इसलिए पार्टी प्रतिनिधियों से अपेक्षा है कि वे नकारात्मक नैरेटिव और समूहवादी राजनीति से पूरी तरह दूर रहें।
पार्टी मर्यादा में रहकर काम करें जनप्रतिनिधि
उन्होंने जनप्रतिनिधियों को दो टूक हिदायत दी, भाजपा में अनुशासन सर्वोच्च है। पार्टी मर्यादा में रहकर काम करें। कोई भी नेता जातिगत आधार वाले समूह की राजनीति का हिस्सा न बने, वरना संगठन कार्रवाई करने में देर नहीं करेगा।
पार्टी की इस सख्ती को सरकार और संगठन के लिए संदेश माना जा रहा है कि चुनावी साल में जातीय ध्रुवीकरण या आंतरिक गुटबाजी की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी। हाईकमान नहीं चाहता कि विपक्ष इस मुद्दे को भुनाए या समाज में गलत संकेत जायें। कुल मिलाकर, ब्राह्मण विधायकों की बैठक ने यूपी बीजेपी के अंदर हलचल जरूर पैदा की, लेकिन अब प्रदेश नेतृत्व ने साफ कर दिया है पार्टी का एजेंडा जाति नहीं, विकास है।

