द लोकतंत्र/ लखनऊ : उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई रफ्तार मिलने की संभावना और मजबूत हो गई है। ताइवान की ताइवान इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (TEEMA) भारत में एक विशाल टेक्नोलॉजी पार्क स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है, और इस प्रोजेक्ट के लिए सबसे मजबूत दावेदार के रूप में यमुना एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (YEIDA) क्षेत्र का नाम उभर कर सामने आया है।
बातचीत कई राज्यों से चल रही है, लेकिन रिपोर्ट्स के अनुसार परिणाम सबसे सकारात्मक यूपी की तरफ झुक रहे हैं। खास बात यह है कि Foxconn के चेयरमैन यंग लियू TEEMA के भी अध्यक्ष हैं, जिससे इस परियोजना का भारत आने का रास्ता और सरल माना जा रहा है।
टेक पार्क कहां बनेगा?
TEEMA का लक्ष्य भारत, अमेरिका, पोलैंड और मैक्सिको में AI और स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग आधारित तकनीकी हब बनाना है। भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स हब बनाने की दिशा में यह कदम बड़ा मोड़ साबित हो सकता है। बताया जा रहा है कि यह पार्क YEIDA क्षेत्र में फॉक्सकॉन की आने वाली OSAT (Outsource Semiconductor Assembly & Test) यूनिट के पास स्थापित किया जा सकता है।
लेआउट इस तरह डिज़ाइन हुआ है कि टेक पार्क और OSAT कैंपस एक-दूसरे के साथ इंटीग्रेट होकर एक संयुक्त सेमीकंडक्टर क्लस्टर विकसित कर सकें। इस प्रोजेक्ट में ताइवानी EPC कंपनी CTCI भी तकनीकी सहयोग दे रही है। भले ही कंपनी ने आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है, लेकिन इंडस्ट्री स्तर पर संकेत स्पष्ट हैं कि YEIDA इस प्रोजेक्ट के लिए पहली पसंद बन चुका है।
YEIDA क्यों है पहली पसंद?
यमुना एक्सप्रेसवे रिजन तेजी से उभरते इंडस्ट्रियल जोन का केंद्र बन रहा है। नोएडा अंतरराष्ट्रीय जेवर एयरपोर्ट, प्लांड YEIDA सिटी, स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी, ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट्स और HCL-Foxconn जैसी कंपनियों के निवेश ने इसे हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के लिए आदर्श बनाया है।
IT और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को बढ़ावा देने वाली यूपी सरकार की नीतियों ने भी इसे मजबूत आधार प्रदान किया है। अगर यह टेक पार्क स्थापित होता है तो भारत में विदेशी निवेश, इलेक्ट्रॉनिक सप्लाई चेन विस्तार, सेमीकंडक्टर उत्पादन और हजारों रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे। इसे उत्तर भारत का सबसे बड़ा टेक-वैली जोन बनने का मौका भी मिल सकता है।
अब सबकी निगाहें आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं। यह प्रोजेक्ट न सिर्फ यूपी बल्कि पूरे भारत के टेक भविष्य की दिशा बदल सकता है। आने वाले महीनों में इसका औपचारिक ऐलान होने की उम्मीद जताई जा रही है।

