द लोकतंत्र/ मथुरा : नए साल पर देशभर से लाखों भक्त ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर, वृंदावन पहुंचकर वर्ष की शुरुआत दर्शन के साथ करने का संकल्प लेते हैं, लेकिन इस बार भीड़ की संभावित भारी मात्रा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक की अवधि में यात्रा टालने की अपील की है। प्रबंधन ने कहा है कि नए साल के अवसर पर श्रृद्धालुओं की असाधारण भीड़ उमड़ सकती है, इसलिए दर्शन व्यवस्था को सुरक्षित व नियंत्रित रखने हेतु यह सलाह जारी की गई है।
श्रद्धालुओं से अपील – भीड़ का अनुमान लगाकर ही यात्रा करें
मंदिर प्रबंधक (प्रशासन) ने स्पष्ट किया कि नव वर्ष के सप्ताह में मंदिर परिसर और आस-पास का क्षेत्र अत्यधिक भीड़ से भरा रहेगा, जिसके कारण दर्शन समेत आवागमन में भी दिक्कतें उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में भक्तों को अनुरोध किया गया है कि अत्यावश्यक स्थिति को छोड़कर 5 जनवरी से पहले की यात्रा स्थगित करें। यदि कोई यात्रा करनी ही पड़े तो भीड़-व्यवस्था को ध्यान में रखकर ही योजना बनाएं।
जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि श्रद्धालु किसी भी प्रकार का बैग या कीमती सामान साथ न लाएं, क्योंकि भीड़ में चोरी जैसी घटनाओं की आशंका रहती है। प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते निर्धारित होंगे तथा सभी से अनुरोध है कि केवल निर्धारित मार्गों का उपयोग करें और पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर हो रही घोषणाओं का पालन करें। जूते-चप्पल मंदिर की तरफ न लाए जाएं, क्योंकि मुख्य मार्गों पर ही उतारने की अधिकृत व्यवस्था बनाई गई है।
इन बातों का विशेष ध्यान रखें
प्रबंधन ने यह भी चेतावनी दी कि वृंदावन में ट्रैफिक दबाव बढ़ेगा, बाहरी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और पार्किंग शहर की सीमा से बाहर की जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं को लंबी दूरी पैदल चलनी पड़ सकती है। भीड़ के बीच वृद्ध, दिव्यांग, छोटे बच्चे, हृदय, बीपी, शुगर व श्वास संबंधी रोगी मंदिर आने से बचें। यदि आएं तो आवश्यक दवाइयां साथ रखें और खाली पेट न आएं।
भीड़ में बिछड़ने की संभावना को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुझाव दिया है कि परिवार के हर सदस्य की जेब में नाम, पता व संपर्क नंबर की पर्ची रखें, ताकि आपात स्थिति में उनसे संपर्क किया जा सके। मंदिर क्षेत्र में खोया-पाया केंद्र गेट नंबर 2 और श्री बांके बिहारी पुलिस चौकी पर स्थापित किया गया है। साथ ही लपकों व असामाजिक तत्वों से सावधान रहने और सामान की सुरक्षा स्वयं करने की अपील की गई है।

