द लोकतंत्र: 90 के दशक के अंत में जब “शक्तिमान” टीवी पर प्रसारित हुआ था तो हर घर में इसका क्रेज़ देखने को मिला। बच्चों के लिए यह सिर्फ एक टीवी शो नहीं बल्कि एक इमोशन था। मुकेश खन्ना ने शक्तिमान और गंगाधर की भूमिका निभाकर दर्शकों के दिलों में ऐसी जगह बनाई कि आज भी लोग उन्हें भारत का पहला सुपरहीरो मानते हैं।
अब जब इस शो का फिल्मी वर्जन बनने की तैयारी हो रही है, फैंस उत्सुक हैं कि इस बार शक्तिमान की भूमिका कौन निभाएगा। चर्चा है कि रणवीर सिंह को इस रोल के लिए कास्ट किया जा सकता है। लेकिन, मूल शक्तिमान यानी मुकेश खन्ना इस चयन से सहमत नहीं दिख रहे।
रणवीर सिंह को लेकर मुकेश खन्ना की राय
फ़िल्मज्ञान से बातचीत के दौरान एक फैन ने मुकेश खन्ना से अनुरोध किया कि रणवीर सिंह को इस रोल में मौका देना चाहिए। इस पर उन्होंने साफ कहा, “आप मेरा मन नहीं बदल सकते। रणवीर सिंह ऊर्जावान अभिनेता हैं, मैं उन्हें पसंद करता हूं, लेकिन मैंने उनके सामने ही कहा था कि वह तमराज किलविश का रोल निभा सकते हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि शक्तिमान का किरदार निभाने के लिए सिर्फ अभिनय नहीं बल्कि एक परिपक्व व्यक्तित्व और सही चेहरा भी जरूरी है।
क्यों नहीं पसंद आए रणवीर सिंह?
मुकेश खन्ना ने कहा कि सुपरहीरो के लिए कास्टिंग सिर्फ टैलेंट पर निर्भर नहीं करती। असल जिंदगी में एक्टर की इमेज भी मायने रखती है। उन्होंने बताया कि बहुत से लोग उन्हें मैसेज करके कहते हैं कि रणवीर सिंह की पर्सनैलिटी शक्तिमान से मेल नहीं खाती।
उन्होंने कहा, “देखो, मुझे शक्तिमान के लिए सिर्फ एक्टर नहीं, सही चेहरा चाहिए। अगर आपकी रियल लाइफ इमेज गलत है तो वो बीच में आ जाती है।”
मूल शो की लोकप्रियता
याद दिला दें कि मूल “शक्तिमान” शो 1997 से 2005 तक दूरदर्शन पर प्रसारित हुआ था। इसमें मुकेश खन्ना ने न सिर्फ शक्तिमान बल्कि गंगाधर का भी रोल निभाया था। गंगाधर एक मजाकिया और अनाड़ी फोटो जर्नलिस्ट था, जो शक्तिमान का दूसरा रूप था।
भले ही अब नया Shaktimaan Movie बनने जा रहा है, लेकिन मुकेश खन्ना के लिए यह केवल एक प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी है। वह मानते हैं कि इस रोल के लिए ऐसा चेहरा चाहिए जो दर्शकों की भावनाओं और बचपन की यादों से मेल खा सके। अब देखना यह होगा कि फिल्ममेकर्स किसे इस आइकॉनिक किरदार के लिए चुनते हैं।