द लोकतंत्र/ पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जन सुराज पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की तैयारी को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी के उम्मीदवार मनीष कश्यप 18 अक्टूबर को चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल करेंगे। मनीष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस जानकारी के साथ प्रशांत किशोर के साथ फोटो भी शेयर की और कहा कि यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को विधान भवन तक पहुँचाने का संकल्प है।
मनीष कश्यप ने की लोगों से समर्थन की अपील
अपने पोस्ट में मनीष कश्यप ने लिखा, धनतेरस के शुभ अवसर पर एक नया संकल्प। प्रिय चंपारणवासियों, आप सबके आशीर्वाद और सहयोग से 18 अक्टूबर को मैं मनीष कश्यप, बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चनपटिया विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र भरूंगा। यह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को विधान भवन तक पहुंचाने का संकल्प है। आप सभी से विनम्र अनुरोध है कि इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें और जन आंदोलन की इस यात्रा में अपना समर्थन दें। आपका प्यार और आशीर्वाद ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जय चंपारण, जय बिहार, जय हिंद!
राघोपुर से चंचल सिंह होंगे जन सुराज के प्रत्याशी
वहीं, राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से चंचल सिंह को जन सुराज का टिकट मिला है। इस सीट पर वर्तमान में तेजस्वी यादव विधायक हैं। इससे साफ हो गया है कि संस्थापक प्रशांत किशोर खुद इस बार राघोपुर या करगहर से चुनाव नहीं लड़ेंगे।
जन सुराज पार्टी ने सोमवार (13 अक्टूबर) को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 65 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। पहली सूची में 51 उम्मीदवार शामिल थे। इस अपडेट के साथ, पार्टी ने राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से अब तक 116 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
बिहार में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा 11 नवंबर को होगा, जबकि नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। मनीष कश्यप और चंचल सिंह सहित अन्य उम्मीदवारों के नामांकन के बाद अब जनता के बीच चुनावी तैयारियां और तेज हो जाएंगी।

