द लोकतंत्र/ पटना : बिहार विधानसभा चुनावी माहौल गरम है और नेताओं की तकरार हर दिन नए मोड़ ले रही है। इसी कड़ी में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और आरजेडी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी के बेगूसराय दौरे और तालाब में मछली पकड़ने वाली क्लिप के बाद सम्राट चौधरी ने सियासी प्रहार करते हुए कांग्रेस पर लोकतंत्र को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस देश के लोकतंत्र को खत्म करने का काम किया है।
सम्राट ने आगे कहा, इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाई, राजीव गांधी ने मंडल आयोग का विरोध किया और आज राहुल गांधी जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने लालू प्रसाद यादव का नाम लेते हुए कहा कि “लालू जेल में हैं क्योंकि ये लोग भ्रष्टाचार में डूबे हैं, बिहार की जनता इन्हें अच्छी तरह पहचानती है।
राहुल गांधी के तालाब में उतरकर मछली पकड़ने वाले वीडियो को भी सम्राट चौधरी ने निशाने पर लिया। मोदी का खौफ बताकर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मजबूर होकर अब पिछड़े समुदायों के बीच जा रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अब तो इन्हें मछली पकड़ना पड़ेगा और जलेबी छाकनी पड़ेगी। बिहार की जनता अब धोखे में आने वाली नहीं।”
राहुल गांधी का बेगूसराय कनेक्ट: मछुआरों के बीच जमीन से जुड़ने की कोशिश
बेगूसराय में रविवार को जनसभा के तुरंत बाद राहुल गांधी स्थानीय तालाब पर पहुंचे और मछुआरा समुदाय के साथ समय बिताया। वीडियो में वे खुद हाथों में जाल लेकर मछली पकड़ने की कोशिश करते दिखे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय मछुआरों से बात की, उनकी समस्याएं सुनीं और महागठबंधन की ओर से समुदाय को लेकर किए जा रहे वादों की चर्चा की। राहुल गांधी ने कहा कि मछुआरा समाज भारत की अर्थव्यवस्था और भोजन सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और उनकी उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
राहुल का पलटवार: बिहार को पीछे किसने रोका, जनता सब जानती है
बेगूसराय की सभा में राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि “बिहार के लोग विदेशों में नाम कमाते हैं, लेकिन अपने ही देश में उन्हें नज़रअंदाज़ किया जाता है।” राहुल ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार ने यूपीए द्वारा शुरू किए गए नालंदा पुनरुद्धार जैसे कई विकास प्रोजेक्ट्स को रोक दिया। उन्होंने बेरोज़गारी, एक्सपोर्ट, शिक्षा और सामाजिक न्याय को लेकर केंद्र सरकार से सवाल पूछे और कहा कि “बिहार के युवा बेहतरीन हैं, उन्हें अवसर चाहिए, अपमान नहीं।”

