द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा कोलंबिया की ईआईए यूनिवर्सिटी में दिए गए बयान को लेकर भाजपा ने गुरुवार को कड़ा हमला बोला है। राहुल गांधी ने इस सेमिनार में भारत के लोकतंत्र और देश में विभिन्न धर्मों, भाषाओं और परंपराओं के बीच उत्पन्न खतरों की बात कही थी। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की छवि को अंतरराष्ट्रीय मंच पर खराब करते हैं और लोकतंत्र की आलोचना का अवसर पाकर देश को बदनाम कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने विदेशी मंच पर भारत को अपमानित किया
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि राहुल गांधी ने फिर से विदेशी मंच पर भारत को अपमानित किया। उन्होंने याद दिलाया कि लंदन में लोकतंत्र की बदनामी और अमेरिका में संस्थानों का मजाक बनाने के बाद अब कोलंबिया में राहुल गांधी ने देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को ठेस पहुंचाई। भाटिया ने इसे सिर्फ असहमति नहीं बल्कि देश की अवमानना बताया।
राहुल गांधी भारत-विरोधी बयान देते हैं
भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे भारत-विरोधी बयान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी-वाद्रा परिवार ने 70 साल तक देश को गरीबी और पिछड़ेपन में रखा। भंडारी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना, तब राहुल गांधी जलन और नफरत में लोकतंत्र और प्रगति पर सवाल उठाते हैं।
राहुल गांधी देश की प्रगति की आलोचना और चीन की तारीफ करते हैं
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी ने बोगोटा, कोलंबिया में भारत में लोकतंत्र न होने और लोगों की बोलने की आजादी न होने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी प्रधानमंत्री मोदी और देश की प्रगति की आलोचना करते हैं और चीन की तारीफ करते हैं। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी को आदत हो गई है कि वे विदेश जाकर भारत के लोकतांत्रिक संस्थानों को बदनाम करते हैं।
राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेधम ने कहा कि राहुल गांधी का स्वभाव ही ऐसा है और वे अपनी पार्टी के स्वयंभू युवराज हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के दौरान फैसले विदेशी दबाव में लिए जाते थे, लेकिन आज दुनिया भारत की बात मान रही है, जिसे राहुल गांधी स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।