द लोकतंत्र: नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस के वार्षिक लीगल कॉन्क्लेव 2025 में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश की चुनावी प्रणाली पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने सीधे तौर पर कहा, “भारत की चुनाव प्रणाली पहले ही मर चुकी है।”
लोकसभा चुनाव 2024 को बताया ‘धांधली से प्रभावित’
राहुल गांधी ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनावों में भारी धांधली हुई, जिससे भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बहुत मामूली बहुमत दिलाया गया। उन्होंने कहा कि अगर यह धांधली नहीं होती, तो नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री नहीं होते।
साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि “सच यह है कि अगर 15 सीटों पर धांधली नहीं होती, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनते,”
कांग्रेस पेश करेगी सबूत
राहुल गांधी ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी आने वाले कुछ दिनों में लोकसभा चुनाव में धांधली के ठोस सबूत सामने लाएगी। उन्होंने कहा कि ये सबूत यह बताएंगे कि वोटर लिस्ट कैसे प्रभावित की गई और मतदान प्रक्रिया को कैसे विकृत किया गया।
उन्होंने संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया, “हमने जो पाया है वह एक एटम बम है। जब यह सामने आएगा, तब आपको भारत में चुनाव आयोग नजर नहीं आएगा।”
अरुण जेटली पर गंभीर आरोप
कृषि कानूनों के संदर्भ में राहुल गांधी ने दिवंगत पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली पर आरोप लगाया कि वे उन्हें धमकाने आए थे। राहुल ने कहा कि जेटली ने चेतावनी दी थी कि यदि वे कृषि कानूनों का विरोध करते रहे, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। राहुल गांधी ने जवाब में कहा, “शायद आपको नहीं पता कि आप किससे बात कर रहे हैं”
मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी शक
राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में हुए चुनावों में भी बड़े स्तर पर वोटिंग में गड़बड़ी हुई है। खासकर महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में उनका शक और गहरा हो गया।