Advertisement Carousel
Politics

महाराष्ट्र की राजनीति पर राज ठाकरे का बड़ा बयान, कहा- हर सत्ता की होती है ‘एक्सपायरी डेट’

Raj Thackeray's big statement on Maharashtra politics, says every power has an expiry date

द लोकतंत्र/ मुंबई : महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे ने पार्टी पदाधिकारियों की एक अहम बैठक में मौजूदा राजनीतिक हालात पर तीखी टिप्पणी की। इस बैठक में मीडिया और कैमरों की एंट्री पर रोक लगाई गई थी। सूत्रों के अनुसार, राज ठाकरे ने नेताओं से कहा कि आज महाराष्ट्र की स्थिति ‘आईसीयू’ में भर्ती मरीज जैसी हो गई है और हालात चिंताजनक हैं।

उन्होंने सत्ता में बैठी सरकारों को लेकर कहा कि हर चीज की एक ‘एक्सपायरी डेट’ होती है। जो आज सत्ता में हैं, वे भी स्थायी नहीं हैं। इतिहास गवाह है कि कोई भी व्यवस्था या शासन हमेशा कायम नहीं रहता। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब कांग्रेस लंबे समय तक केंद्र की सत्ता में थी, तब भी लोगों को लगता था कि उसे कोई हिला नहीं सकता। लेकिन समय के साथ परिवर्तन आया। राज ठाकरे ने कहा कि समय आने पर परिवर्तन अवश्य होता है। उनके मुताबिक, महाराष्ट्र में जो राजनीतिक और प्रशासनिक स्थिति बन गई है, वह एक गंभीर सूजन की तरह है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

संगठन पर फोकस और चुनावी तैयारी का संदेश

बैठक के दौरान राज ठाकरे ने पार्टी नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया कि अब पूरा ध्यान चुनावी तैयारी पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों तक कोई बड़ा चुनाव नहीं है, इसलिए यह समय संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का है। उन्होंने पदाधिकारियों से कहा कि अब तक पार्टी ने कई आंदोलन किए हैं, लेकिन अब प्राथमिकता चुनावी रणनीति और संगठनात्मक विस्तार को दी जानी चाहिए। उनके अनुसार, मजबूत संगठन ही भविष्य की राजनीतिक लड़ाई की नींव रखेगा।

राज ठाकरे ने मराठी भाषा दिवस को धूमधाम से मनाने का आह्वान भी किया। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को गुड़ी पड़वा के अवसर पर और पार्टी स्थापना दिवस के मद्देनजर शिवतीर्थ पर एक बड़ी सभा आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पार्टी के लिए शक्ति प्रदर्शन और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का मंच बनेगा। गौरतलब है कि वर्तमान में एमएनएस का अपने चचेरे भाई उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के साथ गठबंधन है। ऐसे में राज ठाकरे के बयान को महाराष्ट्र की आगामी राजनीतिक दिशा के संदर्भ में अहम माना जा रहा है।

राज ठाकरे ने अपने संबोधन में स्पष्ट संकेत दिया कि राजनीति में स्थायित्व नहीं होता और बदलाव तय है। अब देखना होगा कि एमएनएस आने वाले समय में संगठनात्मक मजबूती के जरिए किस तरह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करती है।

यह भी पढ़ें : राहुल गांधी समेत 25 सांसदों को जान से मारने की धमकी: कोटा पुलिस ने आरोपी राज सिंह आमेरा को हिरासत में लिया

Team The Loktantra

Team The Loktantra

About Author

लोकतंत्र की मूल भावना के अनुरूप यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां स्वतंत्र विचारों की प्रधानता होगी। द लोकतंत्र के लिए 'पत्रकारिता' शब्द का मतलब बिलकुल अलग है। हम इसे 'प्रोफेशन' के तौर पर नहीं देखते बल्कि हमारे लिए यह समाज के प्रति जिम्मेदारी और जवाबदेही से पूर्ण एक 'आंदोलन' है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Rahul Gandhi
Politics

PM मोदी के बयान पर राहुल बोले – आप हमें जो चाहें बुलाएं, लेकिन हम INDIA हैं

द लोकतंत्र : पीएम मोदी ने विपक्षी दलों के गठबंधन का INDIA नाम रखने पर कहा कि विपक्ष का गठबंधन
Amit Shah in Parliament
Politics

अमित शाह ने मल्लिकार्जुन खरगे को चिट्ठी लिखकर मणिपुर पर चर्चा के लिए सहयोग माँगा

द लोकतंत्र : मणिपुर मामले को लेकर संसद के दोनों सदनों में गतिरोध जारी है। अमित शाह ने चिट्ठी लिखकर