द लोकतंत्र/ पटना : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनशक्ति जनता दल के प्रमुख और लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर सियासी माहौल गरमा दिया है। उन्होंने संकेत दिया कि चुनाव नतीजे आने के बाद उनकी राजनीतिक दिशा तय होगी। तेजप्रताप ने कहा, हम कहां जाएंगे, इसका फैसला 14 तारीख को नतीजे आने के बाद करेंगे। साथ ही उन्होंने जोड़ा, हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है, हम मुद्दों को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं। कोई हमें दुश्मन मान ले, तो वो उनकी सोच है।
हम अपने आप में ब्रांड हैं
तेजप्रताप यादव ने खुद को ‘स्टार प्रचारक’ बताते हुए कहा कि उन्हें किसी बाहरी चेहरे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, अभी हम महुआ जा रहे हैं, छठ के बाद पूरे बिहार का दौरा करेंगे। महुआ में हमारा मुकाबला किसी से नहीं है, जनता हमारे साथ है। बेरोजगारी, पलायन और हत्या जैसे मुद्दे ही हमारी प्राथमिकता हैं। अखिलेश यादव आएं या कोई और, हम अपने आप में समर्थ हैं, हम अपने आप में ब्रांड हैं।
महुआ सीट से आरजेडी उम्मीदवार मुकेश रौशन के नाम पर तेजप्रताप भड़क गए। जब मीडिया ने उनसे इस पर सवाल किया, तो उन्होंने तीखे अंदाज़ में जवाब दिया, ये कौन आदमी है? किसका नाम ले रहे हैं आप लोग, फालतू बातें करते हैं।
मोदी जी जो जंगलराज-जंगलराज कह रहे हैं, अभी कौन सा मंगलराज है?
तेजप्रताप ने पीएम नरेंद्र मोदी के ‘जंगलराज’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा, मोदी जी जो जंगलराज-जंगलराज कह रहे हैं, अभी कौन सा मंगलराज है? अभी तो महाजंगलराज है। उन्होंने अपने भाई तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा बनाए जाने पर कहा उनको उम्मीदवार बनाया गया है, उसमें हम क्या कर सकते हैं।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव का पहला चरण 6 नवंबर को और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। मतगणना 14 नवंबर को होगी। इस बार मुकाबला एनडीए (भाजपा-जदयू गठबंधन) और महागठबंधन (राजद-कांग्रेस) के बीच कड़ा माना जा रहा है।

