द लोकतंत्र/ स्पोर्ट्स डेस्क : अहमदाबाद के Narendra Modi Stadium में खेले गए मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 76 रन से हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया। घरेलू मैदान, दर्शकों का समर्थन और अनुकूल परिस्थितियों के बावजूद टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह बिखर गई।
दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में 188 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल सकी और 111 रन पर ऑलआउट हो गई। यह हार न सिर्फ रन अंतर के लिहाज से बड़ी रही, बल्कि बल्लेबाजी क्रम की नाकामी भी साफ तौर पर सामने आई। पावरप्ले में ही भारत ने 31 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। शुरुआती झटकों के बाद दबाव बढ़ता गया और टीम संभल नहीं सकी।
बल्लेबाजी रही फ्लॉप, दुबे ने दिखाया संघर्ष
भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। अभिषेक शर्मा दबाव में नजर आए और 12 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए। तिलक वर्मा और ईशान किशन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान Suryakumar Yadav कुछ देर टिके, लेकिन लय में नहीं दिखे। हार्दिक पांड्या 18 रन बनाकर चलते बने।
88 रन तक पहुंचते-पहुंचते भारत ने आठ विकेट खो दिए थे। वाशिंगटन सुंदर 11 रन से आगे नहीं बढ़ सके। आठवें नंबर पर उतरे रिंकू सिंह खाता भी नहीं खोल पाए। टीम इंडिया की ओर से केवल Shivam Dube ने संघर्ष किया। उन्होंने 37 गेंदों में 42 रन बनाए और 19वें ओवर तक क्रीज पर टिके रहे, लेकिन दूसरे छोर से सहयोग नहीं मिला।
ब्रेविस-मिलर-स्टब्स की साझेदारी ने पलटा मैच
दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। 20 रन तक आते-आते तीन विकेट गिर चुके थे। लेकिन इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस, David Miller और ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया। मिलर ने 35 गेंदों में 63 रन ठोके, जिसमें 7 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। ब्रेविस ने 29 गेंदों में 45 रन बनाए, जबकि स्टब्स 44 रन बनाकर नाबाद लौटे। इन तीनों की साझेदारी ने 152 रन जोड़कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया। भारतीय गेंदबाज मध्य ओवरों में रन गति रोकने में नाकाम रहे, जिसका खामियाजा टीम को हार के रूप में भुगतना पड़ा।

