द लोकतंत्र : मिडिल ईस्ट (Middle East) में बढ़ते तनाव और ईरान-इजरायल के बीच छिड़ी जंग ने न केवल जमीन पर कोहराम मचाया है, बल्कि डिजिटल दुनिया में भी हलचल पैदा कर दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पुराना नाम ट्विटर) के मालिक एलन मस्क ने दावा किया है कि इस वैश्विक संकट के दौरान उनके प्लेटफॉर्म ने इस्तेमाल के मामले में अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
दुनियाभर के लोग युद्ध के लाइव अपडेट्स, वीडियो और प्रतिक्रियाओं के लिए सबसे ज्यादा X का सहारा ले रहे हैं, जिसकी वजह से प्लेटफॉर्म पर अभूतपूर्व ट्रैफिक देखा जा रहा है।
मस्क बोले- X ने रचा इतिहास
एलन मस्क ने एक पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि हालिया घटनाओं के दौरान X ने अपने इतिहास का सबसे ऊंचा उपयोग (Usage) दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि इस बार के ट्रैफिक ने पुराने सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ दिया है।
इससे पहले जुलाई 2024 में प्लेटफॉर्म ने 417 अरब ग्लोबल यूजर-सेकंड का आंकड़ा छुआ था, जो उस समय का वर्ल्ड रिकॉर्ड था। कंपनी के प्रोडक्ट मैनेजर निकिता बियर की पोस्ट का हवाला देते हुए मस्क ने साफ किया कि लाइव अपडेट की बढ़ती मांग ने X को नंबर-1 सूचना स्रोत बना दिया है।
ईरान हमले के बाद क्यों बढ़ा ट्रैफिक?
रिपोर्ट्स की मानें तो अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए संयुक्त हमलों और उसके बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई से जुड़ी खबरों ने इंटरनेट पर आग लगा दी। जैसे ही युद्ध की खबरें आईं, दुनियाभर के यूजर्स पल-पल की जानकारी के लिए X पर एक्टिव हो गए। विशेषज्ञों का कहना है कि जब भी दुनिया में कोई बड़ा संकट आता है, तो रियल-टाइम अपडेट के लिए लोग फेसबुक या इंस्टाग्राम के बजाय X को ज्यादा प्राथमिकता देते हैं।
मिडिल ईस्ट में हालात हुए बेकाबू
ईरान और इजरायल के बीच स्थिति अब बेहद गंभीर हो चुकी है। अमेरिका खुलकर इजरायल की मदद कर रहा है, जिससे पूरा क्षेत्र युद्ध के मुहाने पर खड़ा है। दोनों देश एक-दूसरे पर मिसाइलें दाग रहे हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, हमलों में अब तक 148 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 95 लोग घायल हैं।
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी कतर, यूएई, जॉर्डन और सऊदी अरब जैसे देशों में स्थित अमेरिकी और इजरायली ठिकानों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सुरक्षा के लिहाज से कई देशों ने अपना हवाई क्षेत्र (Airspace) भी बंद कर दिया है।
मिडिल ईस्ट का यह तनाव कब थमेगा, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इसने यह साबित कर दिया है कि सूचना के दौर में एलन मस्क का प्लेटफॉर्म X सूचना का सबसे बड़ा केंद्र बन चुका है।

