द लोकतंत्र: आपने स्वाद से भरी शाही पनीर की सब्जी खाई, गरमा-गरम रोटी के साथ पेट भर कर डिनर किया और फिर बिस्तर पर चैन की नींद लेने चले गए। लेकिन जैसे ही नींद गहराई, अजीब और डरावने सपनों ने आपकी नींद में खलल डाल दिया, कभी ऊंचाई से गिरना, कभी कोई पीछा कर रहा होना या अचानक अंधेरे में फंस जाना। अगर आपके साथ ऐसा अक्सर होता है, तो इसकी वजह आपके डिनर प्लेट का पनीर हो सकता है।
क्या कहती है रिसर्च?
एक स्टडी में 1000 से ज्यादा कॉलेज स्टूडेंट्स पर नींद और खाने की आदतों को लेकर सर्वे किया गया। इसमें पाया गया कि जो लोग रात को सोने से पहले पनीर या अन्य डेयरी उत्पादों का सेवन करते थे, उन्हें डरावने या असहज सपने अधिक आते थे। यह ट्रेंड खासकर उन लोगों में देखा गया, जो नियमित रूप से सोने से ठीक पहले भारी डेयरी डाइट लेते थे।
इसके पीछे क्या है साइंस?
पनीर एक हाई-प्रोटीन और हाई-फैट डेयरी फूड है, जिसमें ट्रिप्टोफेन नामक अमीनो एसिड पाया जाता है। ट्रिप्टोफेन हमारे शरीर में सेरोटोनिन और मेलाटोनिन जैसे हार्मोन्स को प्रभावित करता है, जो नींद और मूड को नियंत्रित करते हैं। हालांकि ट्रिप्टोफेन नींद को गहरा करने में मदद करता है, लेकिन जब यह भारी और देर रात खाए गए भोजन के साथ आता है, तो यह पाचन प्रक्रिया को धीमा कर सकता है। इससे शरीर रात में अधिक सक्रिय हो जाता है, जिससे अशांत या डरावने सपने आने की संभावना बढ़ जाती है।
क्या ये सभी पर लागू होता है?
हर व्यक्ति की पाचन शक्ति, नींद की आदतें और मानसिक स्थिति अलग होती है। इसलिए जरूरी नहीं कि हर किसी को रात में पनीर खाने से बुरे सपने आएं। लेकिन अगर आप बार-बार बुरे सपनों से परेशान हैं और आपने देर रात भारी डेयरी खाना खाया है, तो यह संकेत हो सकता है कि यह आदत आपके लिए सही नहीं।
बेहतर नींद के लिए टिप्स:
रात को सोने से कम से कम 1 घंटे पहले भोजन कर लें
पनीर, दूध, आइसक्रीम जैसे डेयरी उत्पादों का सेवन सीमित करें
हल्का और सुपाच्य खाना लें जैसे उबली सब्जियां, दाल, और सलाद
स्क्रीन टाइम कम करें और सोने से पहले शांत गतिविधियां करें जैसे पढ़ना या ध्यान लगाना
पनीर स्वाद और पोषण से भरपूर होता है, लेकिन हर चीज़ का सही समय और मात्रा होती है। अगर आप बेहतर नींद और मीठे सपने चाहते हैं, तो अपने रात के खाने की थाली पर एक नज़र जरूर डालें