द लोकतंत्र/ नई दिल्ली : दिल्ली सरकार ने राजधानी के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करने का ऐलान किया है। अब दिल्ली में 11 की जगह 13 जिले होंगे। इसके साथ ही मौजूदा जिलों की सीमाओं और नामों में भी फेरबदल किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस कदम से प्रशासनिक सुधार होंगे, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा और जनता की शिकायतों का निवारण तेजी से हो सकेगा।
दिल्ली सरकार का मानना है कि जिलों का आकार छोटा होने से कामकाज अधिक तेज़ और सुचारू रूप से होगा। अभी तक कई बार अलग-अलग विभागों की सीमाओं को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं। नए जिलों और सीमाओं के पुनर्गठन से ऐसे विवादों पर लगाम लगेगी। साथ ही, जनता को भी राहत मिलेगी क्योंकि वे अपनी शिकायत सीधे जिलाधिकारी (DM) तक पहुंचा पाएंगे।
जिलाधिकारियों को और अधिक शक्तियां
नए प्रशासनिक ढांचे में जिलाधिकारियों को अन्य राज्यों की तरह अधिक अधिकार दिए जाएंगे। दिल्ली जल बोर्ड, लोक निर्माण विभाग (PWD), समाज कल्याण विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों के नोडल अधिकारी अब सीधे डीएम कार्यालय में तैनात रहेंगे। इससे विभागों के बीच तालमेल बेहतर होगा और आम लोगों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
दिल्ली में नगर निगम (MCD) के जोन को ही नए जिले बनाने की योजना है। फिलहाल दिल्ली में 12 जोन हैं, जिन्हें जिलों के रूप में पुनर्गठित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में कुछ जिलों के नाम और भौगोलिक स्थिति में बदलाव संभव है। सूत्रों के अनुसार शाहदरा जिला समाप्त हो सकता है, जबकि दक्षिण और दक्षिण-पूर्व जिले को नए स्वरूप में लाया जा सकता है। इसी तरह बाहरी दिल्ली और उत्तर-पश्चिम जिले की सीमाओं में भी बदलाव की संभावना है।
जनता को होगा फायदा
नए जिलों के गठन से सबसे बड़ा लाभ जनता को होगा। छोटे जिलों की वजह से प्रशासन तक पहुंच आसान होगी और अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। स्वास्थ्य, शिक्षा, जल और सड़क जैसी सेवाओं पर निगरानी रखना भी अधिक सरल होगा। साथ ही, समस्याओं का समाधान तेजी से होगा क्योंकि हर जिले में स्थानीय स्तर पर ही व्यवस्था मजबूत होगी।
दिल्ली सरकार ने इस फैसले के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। अब कैबिनेट की मंजूरी और उपराज्यपाल की सहमति के बाद इसे अधिसूचित किया जाएगा। इसके बाद दो नए जिलों का गठन औपचारिक रूप से लागू होगा और दिल्ली प्रशासनिक ढांचे में यह बड़ा बदलाव दर्ज किया जाएगा।
फिलहाल दिल्ली के मौजूदा 11 जिले
नई दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिम दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, उत्तर दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली और शाहदरा। आने वाले दिनों में इस सूची में दो नए जिले जुड़ जाएंगे और कुछ जिलों का स्वरूप बदल जाएगा।